पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की योजनाओं को लेकर उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी. बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं के साथ रामनगर पिपरा स्थित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय और छात्रावासों की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गयी.
छात्रावासों में भोजन और सुविधाओं की ली जानकारी
बैठक के दौरान छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों की उपस्थिति, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली गयी. डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को रहने और पढ़ाई के लिए जरूरी सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं. छात्रावासों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया.
दो छात्रावासों में नामांकन को लेकर हुई बैठक
इसके बाद डीडीसी की अध्यक्षता में अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण छात्रावास, बीएसएस कॉलेज, सुपौल और जननायक कर्पूरी ठाकुर कल्याण छात्रावास, हरदी में नामांकन को लेकर चयन समिति की बैठक हुई. इसमें छात्रावासों में नामांकन के लिए प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गयी.
विभाग की ओर से निर्धारित मापदंड और पात्रता के आधार पर छात्रों के चयन को लेकर विचार-विमर्श किया गया. बैठक में छात्रावासों में उपलब्ध सीटों, वर्तमान नामांकन की स्थिति और विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं की भी जानकारी ली गयी.
पात्र छात्रों का ही हो चयन
डीडीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छात्रावासों में नामांकन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए. पात्रता के सभी मानकों की जांच करने के बाद ही विद्यार्थियों का चयन किया जाए. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विभागीय नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया.
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी, छात्रावास प्रबंधक, छात्रावास अधीक्षक समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.
