दुर्घटना में मदद करें, जीवन बचाएं व ‘राह वीर’ बनें

भारत सरकार की ‘राह वीर (गुड सेमेरिटन) योजना’ को प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में जिला परिवहन कार्यालय, सुपौल द्वारा व्यापक प्रयास किये जा रहे हैं.

गुड सेमेरिटन योजना को लेकर व्यापक पहल सुपौल. जिले में सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराकर जीवन रक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारत सरकार की ‘राह वीर (गुड सेमेरिटन) योजना’ को प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में जिला परिवहन कार्यालय, सुपौल द्वारा व्यापक प्रयास किये जा रहे हैं. बिहार सरकार के परिवहन विभाग एवं बिहार सड़क सुरक्षा परिषद के निर्देशों के आलोक में जिले में योग्य व्यक्तियों के नामों की अनुशंसा आमंत्रित की गयी है. यह योजना 21 अप्रैल 2025 से प्रभावी है. विशेषज्ञों के अनुसार सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा, जिसे “गोल्डन आवर” कहा जाता है, किसी घायल व्यक्ति के जीवन के लिए अत्यंत निर्णायक होता है. यदि इस समयावधि में घायल को अस्पताल पहुंचा दिया जाये तो उसकी जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है, लेकिन कानूनी भय और सामाजिक संकोच के कारण लोग अक्सर मदद से पीछे हट जाते हैं. इसी सोच को बदलने के लिए केंद्र सरकार द्वारा राह वीर योजना शुरू की गयी है. योजना के तहत घायल व्यक्ति को स्वेच्छा से गोल्डन आवर में अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को 25 हजार की प्रोत्साहन राशि और ‘राह वीर’ के रूप में सम्मान दिया जायेगा. चयनित राह वीरों को 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जायेगा. जिला पदाधिकारी सह जिला सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष ने कहा कि समय पर इलाज न मिलने से अधिकांश मौतें होती हैं. उन्होंने आम नागरिकों से संवेदनशीलता दिखाने की अपील की. वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी संजीव कुमार सज्जन ने बताया कि मदद करने वालों को कानून के तहत पूर्ण संरक्षण प्राप्त है और उनके विरुद्ध कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जायेगी. परिवहन विभाग ने सभी नागरिकों, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस सेवाओं, सामाजिक संगठनों और पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे ऐसे मानवतावादी व्यक्तियों की पहचान कर योजना के तहत अनुशंसा भेजें. विभाग का स्पष्ट संदेश है “भय नहीं, मानवता को प्राथमिकता दें. दुर्घटना में घायल को अस्पताल पहुंचाइए, एक जीवन बचाइए और ‘राह वीर’ बनिए.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >