कोसी नदी में नहाने गयी चार बच्चियां डूबी, तीन शव बरामद

एक लापता, खोजबीन जारी

एक लापता, खोजबीन जारी सुपौल. सदर थाना क्षेत्र के गोपालपुर सिरे पंचायत के वार्ड संख्या 02 से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. कोसी नदी में नहाने के दौरान बुधवार को चार मासूम बच्चियां डूब गईं, जिनमें से तीन का शव बरामद हुआ है, जबकि एक बच्ची अब भी नदी में लापता है, जिसकी खोजबीन की जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान पप्पू राम की 12 वर्षीय पुत्री प्रियांशु कुमारी, प्रमोद सादा की 12 वर्षीय पुत्री सुनीता कुमारी व ललित सादा की 10 वर्षीय पुत्री नंदनी कुमारी के रूप में हुई है, वहीं बच्चा लाल सादा की 10 वर्षीय पुत्री राधिका कुमारी का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है. स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश लगातार जारी है. बताया जा रहा है कि सभी बच्चियां नदी किनारे खेल रही थी. भीषण गर्मी में बच्चियां नहाने के लिए नदी में गयी. इसी दौरान अचानक गहराई में चले जाने से वे डूबने लगी. मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद तीन बच्चियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. इस घटना पर गोपालपुर सिरे पंचायत के मुखिया सुरेंद्र प्रसाद यादव ने दुख जताया. कहा कि लापता बच्ची की खोजबीन की जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है. आगे की कार्यवाही की जा रही है. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. हर आंख नम है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >