Supaul Flood: सुपौल जिले के किशनपुर प्रखंड अंतर्गत शिवपुरी पंचायत के मोमिन टोला एवं बौराहा गांव में कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर का असर दिखाई देने लगा है. बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ राकेश कुमार सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पशुपालकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और विभाग की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया.
बाढ़ प्रभावित गांवों की स्थिति का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिला पशुपालन पदाधिकारी के साथ सहायक कुक्कुट पदाधिकारी डॉ अखलाख अहमद एवं प्रभारी भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार भी मौजूद रहे. अधिकारियों की टीम ने बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचकर पशुओं की स्थिति, चारे की उपलब्धता तथा चिकित्सा सुविधाओं का आकलन किया.
दवा और चारे की उपलब्धता का दिया भरोसा
डॉ राकेश कुमार सिंह ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुपालकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी. उन्होंने बताया कि पशुओं के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है. साथ ही पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि बाढ़ के दौरान पशुधन सुरक्षित रह सके.
जरूरत पड़ने पर लगेंगे विशेष पशु चिकित्सा शिविर
जिला पशुपालन पदाधिकारी ने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो प्रभावित गांवों में विशेष पशु चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों के माध्यम से बीमार एवं जरूरतमंद पशुओं का उपचार किया जाएगा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
पशुपालकों में जगी राहत की उम्मीद
Supaul Flood: जिला पशुपालन विभाग की इस पहल से बाढ़ प्रभावित पशुपालकों में राहत की उम्मीद जगी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से लगातार सहयोग बनाए रखने तथा आवश्यक संसाधनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है.
