सुपौल. पिपरा प्रखंड अंतर्गत दीनापट्टी पंचायत स्थित निर्माणाधीन लोहिया मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण जिलाधिकारी कौशल कुमार द्वारा किया गया. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज में जारी निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की तथा कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश परियोजना निदेशक एवं संवेदक को दिए. उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिले के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा मेडिकल कॉलेज के लिए निर्माणाधीन पावर सब-स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया. उन्होंने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के अधिकारियों को समय पर विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए समुचित दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान एसडीएम इन्द्रवीर कुमार, कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग सौरभ कुमार, सीओ उमा कुमारी, संबंधित कंपनी के परियोजना निदेशक, सहायक अभियंता, संवेदक सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे. जिलाधिकारी द्वारा परियोजना के कार्यों में गति लाने एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई, ताकि जिलेवासियों को शीघ्र ही इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान का लाभ मिल सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
