Sawan Somwari: छातापुर (सुपौल). श्रावण मास की पहली सोमवारी पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. प्रातःकाल से ही शिवभक्त मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते रहे. पूरे दिन मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "बाबा भोलेनाथ" के जयघोष से गूंजता रहा.
बाबा कौशिकीनाथ शिवालय में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
सोहटा पंचायत स्थित प्रसिद्ध बाबा कौशिकीनाथ शिवालय में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. विभिन्न गांवों और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर मनोकामनाएं मांगी. पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में लगे मेले का भी आनंद लिया.
दिनभर पूजा-पाठ में जुटे रहे पुजारी
शिवालय के मुख्य पुजारी पंडित श्यामनारायण गिरी पूरे दिन श्रद्धालुओं को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराते रहे. जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अनुष्ठान कराया.
प्रमुख शिवालयों में लगी रही भक्तों की कतार
मुख्यालय बाजार स्थित बाबा छत्रपुरेश्वर नाथ शिवालय सह महावीर मंदिर, पशु चिकित्सालय के समीप बाबा तपेश्वरनाथ शिवालय, थाना परिसर स्थित शिवालय, हाई स्कूल चौक के समीप बाबा सर्वेश्वरनाथ शिवालय तथा तेल डिपो के समीप बाबा गर्भेश्वरनाथ शिवालय सहित अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
Sawan Somwari: श्रावण मास की पहली सोमवारी को देखते हुए प्रशासन ने प्रमुख शिवालयों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे. सोहटा सहित विभिन्न मंदिरों में दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी. पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे, जिससे पूजा-अर्चना शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.
