एक अप्रैल से लापता युवक का बोरे में मिला शव, पर्स में रखे आधार कार्ड से हुई पहचान

अज्ञात बाइक सवार के साथ सुपौल की ओर जाते देखा गया था वाजिद को

– अज्ञात बाइक सवार के साथ सुपौल की ओर जाते देखा गया था वाजिद को सुपौल. सदर थाना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक मामला सामने आया है. एक अप्रैल से लापता युवक का शव पुलिस ने वार्ड नंबर 10 इलाके से एक बोरे में बरामद किया. शव पूरी तरह सड़-गल चुका था, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया. जानकारी के अनुसार चकडुमरिया निवासी अब्दुल रजीक की पत्नी खादीजार खातून ने 01 अप्रैल 2026 को अपने 25 वर्षीय पुत्र मो वाजिद के लापता होने की शिकायत सदर थाना में दर्ज कराई थी. परिजनों के अनुसार, वाजिद दोपहर करीब 1 बजे यह कहकर घर से निकला था कि वह पास के चौक तक जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. जब काफी देर तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसके मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन हर बार फोन स्विच ऑफ मिला. चिंतित परिजनों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, जिसमें कुछ लोगों ने बताया कि वाजिद को एक अज्ञात व्यक्ति के साथ लाल रंग की बाइक पर सुपौल की ओर जाते देखा गया था. बाइक चालक ने अपने चेहरे को लाल गमछे से ढक रखा था. जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी. मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना में कांड दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई. इसी बीच, मंगलवार को थाना क्षेत्र के चकडुमरिया वार्ड नंबर 10 में एक बोरे से दुर्गंध आ रही थी, जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने सदर पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने जब बोरे को खोला तो उसमें एक सड़ी-गली अवस्था में युवक का शव बरामद हुआ. शव की हालत इतनी खराब थी कि पहली नजर में उसकी पहचान कर पाना मुश्किल था. इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सदर अस्पताल बुलाया, जहां कपड़ों, शारीरिक बनावट और पर्स में रखे आधार कार्ड के आधार पर शव की पहचान मो वाजिद के रूप में की गई. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. मां और अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. स्थानीय लोग इस जघन्य हत्या को लेकर आक्रोशित हैं. जांच में जुटी पुलिस जिस तरह से शव को बोरे में बंद कर सुनसान स्थान पर फेंका गया, उससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों ने सबूत छिपाने की कोशिश की है. पुलिस इस मामले को अपहरण के बाद हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके. साथ ही, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >