आवास योजना से स्वच्छता अभियान तक योजनाओं की समीक्षा, डीडीसी ने दिया समय पर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश

Pradhan Mantri Awas Yojana : उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), विकसित भारत जी राम जी योजना और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने लाभुकों को समय पर आवास निर्माण पूरा कराने और योजनाओं के लंबित कार्यों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए.

Pradhan Mantri Awas Yojana : प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), विकसित भारत जी राम जी योजना और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की प्रगति को लेकर उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की. बैठक में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी वीबी जी राम जी और प्रखंड समन्वयक स्वच्छता शामिल हुए. इस दौरान योजनावार लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया.

लंबित किस्त वाले लाभुकों का आवास निर्माण जल्द पूरा कराने पर जोर

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान डीडीसी ने प्रथम और द्वितीय किस्त प्राप्त कर चुके लेकिन आवास निर्माण पूरा नहीं करने वाले लाभुकों को निर्माण कार्य के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को योजना का लाभ समय पर मिले, इसके लिए अधिकारी लगातार निगरानी रखें.

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि लाभुकों के आवास निर्माण की प्रगति पर नियमित नजर रखी जाए और निर्माण कार्य को निर्धारित स्तर तक जल्द पूरा कराया जाए.

वास स्थल विहीन परिवारों को जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश

बैठक में ऐसे लाभुकों का भी मुद्दा उठा, जिनके पास आवास निर्माण के लिए वास स्थल उपलब्ध नहीं है. डीडीसी ने संबंधित अंचलाधिकारियों को राजस्व विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से पात्र वास स्थल विहीन लाभुकों को वास स्थल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

इससे ऐसे परिवारों को आवास योजना का वास्तविक लाभ दिलाने का रास्ता साफ होगा, जो जमीन के अभाव में निर्माण कार्य शुरू नहीं कर पा रहे हैं.

ई-केवाईसी और मानव दिवस सृजन में तेजी लाने का निर्देश

विकसित भारत जी राम जी योजना की समीक्षा के दौरान डीडीसी इंद्रवीर कुमार ने सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों को ई-केवाईसी, मानव दिवस सृजन और वृक्षारोपण के कार्य में विभागीय लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल करने को कहा.

उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया. साथ ही प्रखंड स्तर पर योजनाओं की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया.

शौचालय की लंबित एंट्री और जियो टैगिंग जल्द होगी पूरी

लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की समीक्षा के दौरान व्यक्तिगत घरेलू शौचालय से संबंधित लंबित एंट्री, जियो टैगिंग, पेयी आईडी और भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया. डीडीसी ने कहा कि पात्र लाभुकों से संबंधित किसी भी प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए.

इसके साथ ही निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सोक पिट निर्माण कार्य में भी तेजी लाने को कहा गया, ताकि स्वच्छता अभियान के तहत गांवों में जरूरी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो सके.

अधिकारियों को लगातार निगरानी का निर्देश

समीक्षा बैठक में डीडीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय के साथ काम करने और प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए.

बैठक में निदेशक, एनईपी, निदेशक, लेखा प्रशासन, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, जिला समन्वयक स्वच्छता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार झा

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >