सीएस ने अनुमंडलीय अस्पताल का किया निरीक्षण

अवैध नर्सिंग होम पर जल्द होगी कार्रवाई

– सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी, दिये निर्देश वीरपुर. ललित नारायण अनुमंडलीय अस्पताल का मंगलवार को नव पदस्थापित सिविल सर्जन डॉ बाबू साहब झा ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की. संबंधित कर्मियों को सख्त निर्देश दिए. मंगलवार की सुबह करीब 10:30 बजे अस्पताल पहुंचे सीएस डॉ झा ने साफ-सफाई व्यवस्था, दवा वितरण कक्ष, जांच प्रयोगशाला, प्रसूति कक्ष, सामान्य वार्ड, आपातकालीन वार्ड, शौचालय, रोस्टर पंजी तथा चिकित्सकों व कर्मियों की उपस्थिति का बारीकी से अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को रोस्टर के अनुरूप उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के बाद गंदगी पाए जाने पर आउटसोर्सिंग सुपरवाइजर राजकुमार को चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि अगली बार सफाई व्यवस्था में कमी पाई गई तो पुनः भुगतान में कटौती की जाएगी. सीएस ने बताया कि निरीक्षण में अधिकांश व्यवस्थाएं सामान्य पाई गई. डॉक्टर मरीजों की देखभाल ठीक ढंग से कर रहे हैं, लेकिन सफाई व्यवस्था असंतोषजनक रही. इसे शीघ्र सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल इस जोन का मुख्य अस्पताल है, इसलिए यहां की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. अस्पताल को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए डीएस को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. जहां भी सहयोग की आवश्यकता होगी, विभाग की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा. अवैध नर्सिंग होम पर जल्द होगी कार्रवाई मुख्यालय क्षेत्र में संचालित अवैध नर्सिंग होम को लेकर सीएस डॉ झा ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि उनकी नई पोस्टिंग हुई है. वर्तमान स्थिति की जानकारी ली जा रही है. चिकित्सकों से परामर्श के बाद अवैध नर्सिंग होम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के शोषण और मेल प्रैक्टिस किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ सुशील कुमार ने बताया कि एक्स-रे विभाग में कर्मियों की कमी को लेकर शिकायत की गई है. जिस पर एक अतिरिक्त कर्मी की तैनाती का आश्वासन मिला है. ताकि 24 घंटे एक्स-रे सेवा सुचारु रूप से संचालित हो सके. इसके अलावा अस्पताल की चहारदीवारी समेत अन्य आवश्यक मांगें भी सीएस के समक्ष रखी गईं. निरीक्षण के दौरान डीपीएम बालकृष्ण चौधरी, डीएस डॉ सुशील कुमार, डॉ पंकज कुमार, प्रबंधक अविनाश कुमार, लेखपाल सुशील कुमार, रवि कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >