वायरल वीडियो पर मुख्य पार्षद का पलटवार, भ्रष्टाचार के आरोपों को बताया साजिश

जेम पोर्टल से पारदर्शी खरीद का दावा, विरोधियों पर छवि धूमिल करने का आरोप

– जेम पोर्टल से पारदर्शी खरीद का दावा, विरोधियों पर छवि धूमिल करने का आरोप सुपौल. बीते दिनों सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में नगर परिषद सुपौल पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर शनिवार को मुख्य पार्षद राघवेन्द्र झा ‘राघव’ ने कड़ा रुख अपनाया. नगर परिषद स्थित कार्यालय वेश्म में आयोजित प्रेस वार्ता में इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और एक सोची-समझी साजिश करार दिया. प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य पार्षद ने कहा कि वायरल वीडियो में नगर परिषद द्वारा स्ट्रीट लाइट सहित अन्य सामग्रियों की खरीद में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं, जो पूरी तरह गलत हैं. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह सब कुछ उनके और नगर परिषद की छवि को खराब करने की नीयत से किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विरोधी तत्व विकास कार्यों से घबराकर इस तरह की भ्रामक बातें फैला रहे हैं. हम इस तरह की साजिशों से डरने वाले नहीं हैं. मुख्य पार्षद ने यह भी स्पष्ट किया कि नगर परिषद सुपौल द्वारा सभी प्रकार की खरीदारी पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत की जाती है. उन्होंने बताया कि हर सामान और वाहन की खरीद सरकारी जेम पोर्टल के माध्यम से ही की जाती है, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश नहीं रहती. कहा कि नगर परिषद में सभी कार्य नियमों के अनुरूप और पारदर्शिता के साथ संपन्न किए जाते हैं. हम भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं. यदि कोई भी व्यक्ति भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. राघवेन्द्र झा ने नगर परिषद द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया और कहा कि सुपौल में लगातार बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम हो रहा है. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शहर के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल विकास और जनसेवा है, और किसी भी प्रकार की नकारात्मक राजनीति से इसका ध्यान नहीं भटकने दिया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >