वीरपुर. अनुमंडल के सीमावर्ती क्षेत्र भीमनगर में प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित आधार सेंटरों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए शनिवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया. वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने पांच दुकानों की जांच की, जिनमें से दो दुकानों को मौके पर ही सील कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, सीमावर्ती इलाके में लंबे समय से अवैध आधार सेंटर चलाए जाने की शिकायतें मिल रही थी. प्रशासन की नजर इन गतिविधियों पर पहले से बनी हुई थी, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से टीम गठित कर अचानक कार्रवाई की गई. कार्रवाई के दौरान भीमनगर स्थित पांच दुकानों की जांच की गई. इनमें से दो दुकानें बंद पाई गई. प्रशासन द्वारा दुकानदारों को फोन कर मौके पर बुलाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके नहीं पहुंचने पर दोनों दुकानों को सील कर दिया गया. जांच के दौरान अन्य दुकानों में उपलब्ध दस्तावेजों की भी बारीकी से पड़ताल की गई. इस संयुक्त टीम में एसडीएम नीरज कुमार के अलावा एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर राजेश चौधरी, बसंतपुर बीडीओ सुजीत कुमार मिश्रा, भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. इस संबंध में एसडीएम नीरज कुमार ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है. आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.
अवैध आधार सेंटरों को लेकर की गयी कार्रवाई, दो दुकाने सील
जानकारी के अनुसार, सीमावर्ती इलाके में लंबे समय से अवैध आधार सेंटर चलाए जाने की शिकायतें मिल रही थी
