शिविर में 150 बांझ पशुओं का हुआ मुफ्त इलाज

शिविर में पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई

किशनपुर. प्रखंड के मेहासिमर पंचायत अंतर्गत मधुरा गांव स्थित राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी परिसर में शनिवार को एक दिवसीय पशु बांझपन निवारण शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन पंचायत की मुखिया अमृता कुमारी, जिला परिषद सदस्य मो हसनैन नोमानी, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी दिलीप कुमार एवं डॉ संजय कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इस अवसर पर ठाकुरबाड़ी के महंत महेश्वर दास, डॉ जवाहर प्रसाद सहित अन्य पशु चिकित्सक, पशु कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे. शिविर में पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई. डॉ संजय कुमार ने बताया कि गाय, बाछी और भैंस को हर 03 से 06 माह में कम से कम एक बार कृमिनाशक दवा (वर्म की गोली) अवश्य देनी चाहिए. साथ ही मिनरल मिक्सचर खिलाने से पशु स्वस्थ रहते हैं और उनका खान-पान भी बेहतर होता है. उन्होंने चेतावनी दी कि कृमि की दवा नहीं देने पर पशुओं में कई तरह की समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, जैसे भूख कम लगना, गोबर पतला होना, बदबू आना, आंखों से पानी निकलना आदि. प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि शिविर में 150 पशुओं का मुफ्त इलाज किया गया तथा जरूरतमंद पशुपालकों को नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं. इसके अलावा कई गाय और भैंस का गर्भाधान संबंधी उपचार भी किया गया. कार्यक्रम के सफल संचालन में पशु कर्मी कुंदन कुमार, बृजेश ठाकुर, प्रेम कुमार, निजी टीकाकर्मी एवं स्थानीय किसानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >