सुपौल : राघोपुर रेफरल अस्पताल में दवा नहीं मिलने की शिकायत को लेकर हुए विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है. अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने तथा चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ राघोपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
दवा नहीं मिलने की शिकायत पर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, बुधवार को भपटियाही थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी शिव शंकर मेहता दवा नहीं मिलने की शिकायत लेकर रेफरल अस्पताल पहुंचे थे. अस्पताल प्रशासन का आरोप है कि इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ गाली-गलौज की तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई. आरोप है कि इसके बाद उन्होंने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं.
अस्पताल प्रशासन के आवेदन पर दर्ज हुआ मामला
रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने राघोपुर थाना में लिखित आवेदन देकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. आवेदन में कहा गया है कि वायरल वीडियो और कथित अभद्र व्यवहार से चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों में रोष व्याप्त है तथा अस्पताल का कार्य वातावरण प्रभावित हुआ है.
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
आवेदन के आधार पर राघोपुर थाना में कांड संख्या 267/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
