दो साल में दोगुनी हुई जदिया पीएसएस की क्षमता, मिलेगी राहत

थाना क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में जदिया पावर सब स्टेशन में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है.

ओवरलोड व ट्रिपिंग की समस्या होगी कम, उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली की उम्मीद

जदिया. थाना क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में जदिया पावर सब स्टेशन में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है. सोमवार को 10 एमवीए के नए पावर ट्रांसफार्मर को सफलतापूर्वक लोड पर चार्ज कर दिया गया. इसके साथ ही अब जदिया पीएसएस की कुल क्षमता बढ़कर 20 एमवीए हो गयी है. पहले यहां केवल एक 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर ही कार्यरत था. बिजली विभाग के अनुसार, बढ़ते लोड और उपभोक्ताओं की संख्या को देखते हुए लंबे समय से क्षमता विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी. एक ही ट्रांसफार्मर पर निर्भरता के कारण अक्सर ओवरलोड की स्थिति उत्पन्न होती थी, जिससे बार-बार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती थी. अब दूसरे ट्रांसफार्मर के चालू होने से इस समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है.

विभागीय जानकारी के अनुसार, अप्रैल 2024 तक जदिया पीएसएस की कुल क्षमता 10 एमवीए थी, जो अब अप्रैल 2026 में बढ़कर 20 एमवीए हो गयी है. महज दो वर्षों में क्षमता का दोगुना होना क्षेत्र में विद्युत ढांचे के तेजी से हुए विस्तार को दर्शाता है. इससे न केवल वर्तमान उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली मिलेगी, बल्कि भविष्य में नए कनेक्शनों के लिए भी पर्याप्त क्षमता उपलब्ध रहेगी. गर्मी के मौसम में बिजली की मांग में तेजी से वृद्धि होती है. ऐसे में पहले जहां उपभोक्ताओं को बार-बार कटौती और वोल्टेज की समस्या झेलनी पड़ती थी. वहीं अब स्थिति में सुधार आने की संभावना है. खासकर घरेलू उपभोक्ताओं, दुकानदारों, किसानों और छोटे व्यवसायियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जतायी है कि अब क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और भरोसेमंद होगी. वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने के लिए आगे भी आवश्यकतानुसार क्षमता विस्तार और सुधार कार्य जारी रहेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >