निर्मली (सुपौल): जिले .के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा पंचायत के बेलौखरा वार्ड संख्या 4 स्थित सोनाइ बाबा मंदिर प्रांगण में बुधवार को "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो " अभियान के तहत ग्रामीणों की बैठक हुई. बैठक में गांव को नशामुक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए. ग्रामीणों ने तय किया कि गांव में नशा बेचते पकड़े जाने पर 25 हजार तथा नशा करते पाए जाने पर 51 सौ का जुर्माना लगाया जाएगा. इसके अलावा ऐसे लोगों को तत्काल पुलिस के हवाले किया जाएगा. बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सुखा नशा, प्रतिबंधित इंजेक्शन और स्मैक जैसी नशीली वस्तुओं के कारण युवा पीढ़ी तेजी से बर्बाद हो रही है.
समय रहते समाज को जागरूक होकर बुराई के खिलाफ एकजुट होने कीअपील
नशे की लत युवाओं को अपराध की ओर धकेल रही है. समय रहते समाज को जागरूक होकर इस बुराई के खिलाफ एकजुट होना होगा. अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ग्रामीणों ने एक निगरानी समिति का गठन किया, जो गांव में नशे के कारोबार और सेवन पर लगातार नजर रखेगी तथा सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को अवगत कराएगी. बैठक में फुलेश्वर मंडल, राहुल मंडल, कमल किशोर मंडल, रमेश मंडल, कपिलेश्वर मंडल, लाल दास मंडल, रमन कुमार, मन्नु कुमार, सुभाष मंडल, अर्जुन शर्मा, चंदू कुमार, भोला मंडल और अनुपलाल मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि बेलौखरा को पूरी तरह नशामुक्त गांव बनाने तक अभियान लगातार जारी रहेगा.
