– बेगूसराय के आयुष प्रवीण कुमार रहे मैन ऑफ द मैच – आज मेजबान सुपौल बनाम बेगूसराय के बीच होगा मुकाबला सुपौल. रणधीर वर्मा अंडर 19 वनडे ट्रॉफी के तहत शुक्रवार को स्टेडियम में बेगूसराय की टीम ने सहरसा को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी. टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनने वाले बेगूसराय के गेंदबाजों ने सटीक और अनुशासित प्रदर्शन करते हुए सहरसा की पूरी टीम को महज 61 रनों पर ढेर कर दिया. सहरसा की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही. टीम के सलामी बल्लेबाज महज 24 रन के योग पर पवेलियन लौट चुके थे. पिछले मैच के शतकवीर नीतीश इस बार केवल 11 रन बनाकर आउट हो गए. सहरसा की बल्लेबाजी इतनी नाकाम रही कि अंतिम चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके. बेगूसराय के आयुष प्रवीण कुमार ने 08 ओवर में 05 मेडन फेंकते हुए मात्र 12 रन देकर 03 महत्वपूर्ण विकेट लिए और ‘मैन ऑफ द मैच’ बने. वहीं जयंत जितेंद्र गौतम ने 3.1 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट झटके. हर्ष धीरज वर्मा ने भी 2 विकेट हासिल किए. जवाब में खेलने उतरी बेगूसराय की टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया. सलामी बल्लेबाज पुष्पम नवीन राज (28 रन) और लक़ुअल्लाह (26 रन) ने अर्धशतकीय साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई. मैच के सफल आयोजन में जिला क्रिकेट संघ (डीसीए) के सचिव नवीन गुप्ता और कोषाध्यक्ष मनोज झा की अहम भूमिका रही. वहीं मैदान प्रबंधन की जिम्मेदारी विनीत, रजनीश, रौशन और रामू महतो ने कुशलता से निभाई. शनिवार को सुपौल और बेगूसराय की टीमें आमने-सामने होगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
