जदिया. कोरियापट्टी-राजेश्वरी पथ पर मंडल टोला के समीप सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की ठोकर से 62 वर्षीया शांति देवी की मौत हो गयी. मृतका की पहचान हिरापट्टी वार्ड 09 निवासी शोभी साह की पत्नी के रूप में की गयी है. जानकारी के अनुसार, शांति देवी सोमवार को कोरियापट्टी हाट से रोजमर्रा का सामान खरीदकर अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान मंडल टोला से थोड़ा आगे बढ़ते ही एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गयीं. राहगीरों व परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें कोरियापट्टी चौक स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद ग्रामीण चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज ले जाने का सलाह दिया. परिजन उन्हें वहां ले गये, लेकिन मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इस घटना से गांव में शोक की लहर है. बताया जाता है कि मृतका अपने पीछे दो पुत्र सुरेंद्र साह व वीरेंद्र साह तथा एक पुत्री बबिता कुमारी को अपने पीछे छोड़ गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
