पहली बार राघोपुर पहुंची अमृत भारत एक्सप्रेस, लोगों में खुशी

अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस के पहली बार राघोपुर स्टेशन पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया. इस ट्रेन के शुरू होने से कोसी क्षेत्र के लोगों को पंजाब और उत्तर प्रदेश के लिए सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी मिल गई है.

राघोपुर (सुपौल) से आशुतोष झा की रिपोर्ट: न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर जाने वाली ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ के पहली बार राघोपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला. जैसे ही आधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन स्टेशन पर आकर रुकी, वहां मौजूद लोगों ने ताली बजाकर अपनी खुशी जाहिर की और इस सौगात के लिए रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया.

यह रहेगा ट्रेन का शिड्यूल

रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, इस नई ट्रेन का परिचालन सप्ताह में एक-एक दिन दोनों दिशाओं से किया जाएगा:

  • गाड़ी संख्या 14664 (अमृतसर–न्यू जलपाईगुड़ी): यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को अमृतसर से रवाना होगी.
  • गाड़ी संख्या 14663 (न्यू जलपाईगुड़ी–अमृतसर): यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को न्यू जलपाईगुड़ी से संचालित की जाएगी.

इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन

यह एक्सप्रेस ट्रेन पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के कई महत्वपूर्ण शहरों और स्टेशनों को आपस में जोड़ती है. इसके रूट में मुख्य रूप से शामिल हैं:

लुधियाना, अंबाला कैंट, मुरादाबाद, गोंडा, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, सकरी, झंझारपुर, निर्मली, सरायगढ़, राघोपुर, नरपतगंज, फारबिसगंज, अररिया, ठाकुरगंज, बागडोगरा और सिलीगुड़ी.

व्यापार, शिक्षा और रोजगार को मिलेगी गति

स्थानीय नागरिकों और बुद्धिजीवियों का कहना है कि यह ट्रेन सीमांचल, कोसी और मिथिला क्षेत्र के विकास के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी. राघोपुर और इसके आसपास के इलाकों के लोगों को अब अमृतसर, गोरखपुर और सिलीगुड़ी जैसे बड़े शहरों के लिए सीधे रेल सेवा मिल गई है. यात्रियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले लंबी दूरी का सफर तय करने के लिए उन्हें दूसरे बड़े स्टेशनों पर जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी. अब नजदीकी स्टेशन से ही आधुनिक सुविधाओं वाले कोच और बेहतर सीटिंग अरेंजमेंट मिलने से सफर आरामदायक और सुगम हो जाएगा. लोगों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में राघोपुर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >