अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास, डिग्री कॉलेज, सुपौल और डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास, निर्मली में रिक्त सीटों पर नामांकन को लेकर जिला स्तरीय छात्रावास संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने की.
33 सीटों के लिए 70 छात्रों ने किया आवेदन
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी ने समिति को बताया कि डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास, डिग्री कॉलेज, सुपौल में 22 रिक्त सीटों के विरुद्ध 50 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं. वहीं, डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास, निर्मली में 11 रिक्त सीटों के विरुद्ध 20 आवेदन विभागीय पोर्टल पर प्राप्त हुए हैं. इस तरह दोनों छात्रावासों में कुल 33 सीटों के लिए 70 छात्रों ने आवेदन किया है.
प्राप्तांक के आधार पर हुआ चयन
समिति ने प्राप्त सभी आवेदनों का अवलोकन करने के बाद अभ्यर्थियों के प्राप्तांक के आधार पर इंटरमीडिएट, स्नातक एवं स्नातकोत्तर कोटि के अनुसार चयन किया. चयनित अभ्यर्थियों की सूची को समिति ने सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया. इससे नामांकन के लिए चयनित छात्रों का रास्ता साफ हो गया है.
सीट खाली होने पर प्रतीक्षा सूची से मिलेगा दाखिला
बैठक में चयन सूची में स्थान नहीं बना पाने वाले छात्रों के लिए प्रतीक्षा सूची को भी मंजूरी दी गई. समिति ने स्पष्ट किया कि भविष्य में छात्रावास में सीट रिक्त होने की स्थिति में प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों का नियमानुसार नामांकन किया जाएगा. इससे चयन सूची से बाहर रह गए छात्रों को भी आगे अवसर मिलने की उम्मीद बनी है.
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी, छात्रावास प्रबंधक-सह-अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी, सुपौल, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, निर्मली सहित सभी छात्रावास अधीक्षक उपस्थित रहे.
