लंबे समय से बेहतर कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे वीरपुर और आसपास के लोगों के लिए हवाई और रेल सेवा को लेकर उम्मीद बढ़ी है. क्षेत्र भ्रमण पर पहुंचे सांसद दिलेश्वर कामत ने दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वीरपुर हवाई अड्डे पर पहले प्रस्तावित 20 सीटर विमान के बजाय अब 70 सीटर विमान सेवा शुरू करने की योजना है. वहीं ललितग्राम-वीरपुर रेल परियोजना के सर्वे की रिपोर्ट जल्द मिलने की उम्मीद है.
20 सीटर नहीं, अब 70 सीटर विमान की तैयारी
सोमवार को कोसी निरीक्षण भवन में सांसद दिलेश्वर कामत ने एसडीएम वीरपुर विनय कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार समेत संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में वीरपुर हवाई अड्डे और ललितग्राम-वीरपुर रेल परियोजना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गयी.
सांसद ने बताया कि वीरपुर हवाई अड्डे के लिए जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है. पहले यहां 20 सीटर विमान सेवा शुरू करने की योजना थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 70 सीटर विमान के संचालन की तैयारी की जा रही है. जल्द ही एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग का निर्माण शुरू होने की उम्मीद है.
उन्होंने कहा कि अगले छह से आठ माह में हवाई सेवा शुरू करने के लिए आवश्यक कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. सांसद ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को जल्द विमान सेवा का लाभ मिले, इसके लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं.
रेल परियोजना में कहां-कहां बनेंगे स्टेशन, जल्द होगा खुलासा
ललितग्राम-वीरपुर बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना को लेकर भी सांसद ने महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने बताया कि रेल परियोजना का सर्वे करने वाली कंपनी से सर्वे रिपोर्ट मांगी गयी है.
रिपोर्ट मिलने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि ललितग्राम और वीरपुर के बीच किन-किन स्थानों को स्टेशन के लिए चुना गया है, कुल कितने स्टेशन होंगे और वीरपुर का स्टेशन किस स्थान पर बनाया जायेगा.
सांसद ने कहा कि जल्द ही सर्वे टीम की रिपोर्ट सामने आने की उम्मीद है. इसके बाद रेल परियोजना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें स्पष्ट हो जायेंगी.
सांसद बोले- कार्यकाल में परियोजना पूरी होने की उम्मीद
दिलेश्वर कामत ने कहा कि उनका अभी तीन साल का कार्यकाल बाकी है. उन्हें उम्मीद है कि उनके कार्यकाल में ललितग्राम-वीरपुर रेल परियोजना के काम को पूरा कराने में सफलता मिलेगी. उन्होंने कहा कि परियोजना को लेकर लगातार प्रयास किये जा रहे हैं.
विश्वकर्मा कॉलेज को भी मिला सहयोग का भरोसा
क्षेत्र भ्रमण के दौरान सांसद विश्वकर्मा कॉलेज भी पहुंचे, जहां कॉलेज के प्राचार्य और शिक्षकों ने उनका स्वागत किया. महाविद्यालय प्रशासन ने कॉलेज के इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी देते हुए सांसद निधि से सहयोग की मांग की.
सांसद ने बताया कि इससे पहले कॉलेज को 25 लाख रुपये की मदद दी गयी थी. इस राशि से विद्यार्थियों के प्रैक्टिकल से जुड़े संसाधनों की खरीद की गयी. उन्होंने आने वाले समय में भी कॉलेज को आवश्यक सहयोग देने का भरोसा दिया.
वीरपुर की तस्वीर बदल सकती हैं दोनों परियोजनाएं
वीरपुर में हवाई और रेल कनेक्टिविटी की ये दोनों परियोजनाएं क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं. हवाई सेवा शुरू होने से लोगों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है, जबकि ललितग्राम-वीरपुर रेल संपर्क से आवागमन के साथ व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है.
अब लोगों की नजर सर्वे रिपोर्ट और हवाई अड्डे के निर्माण कार्य की अगली प्रक्रिया पर टिकी है. यदि काम निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ता है तो आने वाले महीनों में वीरपुर की कनेक्टिविटी की तस्वीर बदल सकती है.
ये भी पढ़ें : सुपौल में सालभर पानी से भरे जलक्षेत्र अब बनेंगे कमाई का जरिया, बड़े पैमाने पर आधुनिक मत्स्य पालन की तैयारी शुरू
