सुपौल. कला, संस्कृति व युवा विभाग, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा वसंत पंचमी महोत्सव 2026 के आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गयी है. इसे लेकर अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रवीर कुमार की अध्यक्षता में आवश्यक तैयारियों व कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने हेतु बैठक आयोजित की गयी. वसंत पंचमी महोत्सव का उद्घाटन 23 जनवरी 2026 को सरस्वती पूजा के दिन संध्या 4:00 बजे टाउन हॉल में किया जायेगा. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से होगा, जिसके बाद स्वागत गान और स्थानीय व प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जायेंगी. इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य लोगों में वसंत पंचमी के महत्व को उजागर करना तथा कला व संस्कृति को बढ़ावा देना है. अनुमंडल पदाधिकारी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न पदाधिकारियों व कर्मियों की अलग-अलग समितियां गठित की हैं. कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों और बच्चों की प्रस्तुति के साथ-साथ ख्याति प्राप्त कलाकारों कस्तूरी सरकार, करीना कुमारी व गुड्डू राजा की विशेष प्रस्तुति भी होगी. अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों व कर्मियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग टाउन हॉल पहुंचकर इस सांस्कृतिक आयोजन का आनंद ले सकें. इस अवसर पर अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अमित कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी कमलेश कुमार, जिला कला व संस्कृति पदाधिकारी तारकेश्वर पटेल, कार्यपालक दंडाधिकारी नूतन कुमारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीत कुमार सहित अन्य संबंधित कर्मी भी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
