सुपौल : सदर प्रखंड अंतर्गत कर्णपुर पंचायत के सोनक नया टोला में गुरुवार को अपराधियों ने मवेशी कारोबारियों पर गोलीबारी की. जिसमें दो व्यक्ति जख्मी हो गये, जबकि प्रारंभिक उपचार के बाद एक व्यक्ति को मुक्त कर दिया गया. स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के उपरांत सभी को डीएमसीएच रेफर कर दिया गया. घायल उदय यादव के आवेदन पर सदर थाना में कांड संख्या 155/17 दर्ज कर लिया गया है.
आवेदन में कहा गया है कि राजेंद्र व उसका भाई पुष्कर बीते कुछ वर्षों से मवेशी के खरीद-बिक्री का कारोबार करता था. इसी के तहत गुरुवार की सुबह बाइक से मधुबनी जिला के लौफा हाट बैल खरीद के लिए पहुंचा था. बैल खरीद के लिए राजेंद्र के पास एक लाख रुपये भी थे, लेकिन घर से कुछ ही दूरी पर मरिचा पुल के समीप पूर्व से घात लाये छह अपराधियों ने हमला बोल दिया. गांव के ही सुनील यादव, परिमल यादव व रामचंद्र यादव ने पहले सामने से बाइक को ठोकर मारी. जिसके कारण तीनों पिता-पुत्र नीचे गिर गये. जिसके बाद गांव के ही अनिल यादव, सुनील यादव व शिबो यादव गाली-गलौज करते हुए रुपये छीनने लगे. सुनील यादव ने थ्रीनट से पुष्कर की छाती में गोली मार दी. आरोप लगाया कि इसके बाद रामचंद्र जबरदस्ती करने लगा और चिल्लाने पर परिमल द्वारा लकड़ी के बल्ले से राजेंद्र के सिर पर वार किया गया. अनिल ने भी चाकू से पुष्कर पर प्रहार किया. इसके बाद उदय के सिर पर भी परिमल द्वारा वार किया गया.
अपराधियों ने रुपये तथा मोबाइल छीने और फरार हो गये. ग्रामीण सुरेंद्र यादव द्वारा सभी को उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए राजेंद्र तथा पुष्कर को डीएमसीएच रेफर कर दिया गया. इधर, दर्ज प्राथमिकी के आलोक में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन अभियुक्त सुनील यादव, अनिल यादव व रामचंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया. सदर थानाध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आलोक में पुलिस ने कांड दर्ज कर अनुसंधान आरंभ कर दिया है. वही मामले में तीन अभियुक्तों की अब तक गिरफ्तारी हो चुकी है.
