निश्चय यात्रा. सीएम के स्वागत के लिए तैयार है जिला
सीएम के आगमन के मद्देनजर प्रशासन द्वारा जिले में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गयी है. चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गयी है
.
सुपौल : मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की गयी है. सीएम के ठहराव स्थल अतिथि गृह के साथ ही महिला आइटीआइ, जिला परामर्श केंद्र व टीसीपी भवन को सजाया गया है. कार्यक्रम स्थलों पर विशेष साफ-सफाई के साथ ही फूल माला व अन्य संसाधनों से खास सजावट की गयी है. चेतना सभा को लेकर गांधी मैदान में पंडाल व मंच का निर्माण किया गया है. साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेरेकेटिंग भी की गयी है. वहीं सीएम के भ्रमण रूट पर सैकड़ों तोरण द्वार बनाये गये हैं.
निश्चय यात्रा के तहत सीएम सदर प्रखंड के बलहा पंचायत स्थित वार्ड नंबर पांच का दौरा करेंगे. जिसे लेकर बलहा पंचायत में युद्ध स्तर पर खुले में शौच मुक्त व्यवस्था, जल व विद्युत आपूर्ति व गली-नाली व सड़कों का निर्माण किया गया है. दर्जनों पदाधिकारी इस पंचायत में लगातार कैंप कर रहे हैं. सीएम के कार्यक्रम को लेकर समाहरणालय स्थित टीसीपी भवन को भी नया रंग रूप दिया गया है. हॉल में नयी टीवी व प्रोजेक्टर आदि की स्थापना भी की गयी है. डीएम बैद्यनाथ यादव व एसपी डॉ कुमार एकले के नेतृत्व में तैयारी को व्यापक स्तर पर अंजाम दिया गया है.
सीएम के आगमन के मद्देनजर प्रशासन द्वारा जिले में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गयी है. चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
डीएम व एसपी ने इस बाबत संयुक्त आदेश जारी किया है. जिसके तहत कार्यक्रम स्थलों के अलावा सभी सड़कों, चौक-चौराहों व संवेदनशील स्थलों पर विशेष रूप से सुरक्षा कर्मी व दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है. इस कार्य में जिला पुलिस बल के अलावा कटिहार, पूर्णिया, अररिया आदि पड़ोसी जिलों के पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति भी की गयी है. गांधी मैदान सहित अन्य कार्यक्रम स्थलों पर मेटल डिटेक्टर लगाया गया है. वहीं एंटी सबोटेज जांच का भी प्रबंध किया गया है.
