निर्मली : थानाक्षेत्र अंतर्गत हरियाही पेट्रोल पंप के समीप रविवार को हुई सड़क दुर्घटना में दुर्घटनाग्रस्त ट्रक पर राष्ट्रीय बीज निगम मधुबनी का 66 क्विंटल मसूर बीज लूट लिये जाने को लेकर सोमवार को क्षेत्रीय प्रबंधक अभिनव पांडे द्वारा एक आवेदन निर्मली थाना को दिया गया है. दिये गए आवेदन में कहा गया है कि गत चार दिसंबर 2016 को राष्ट्रीय बीज निगम मधुबनी द्वारा 66 क्विंटल मसूर बीज को ट्रक के द्वारा राष्ट्रीय बीज निगम पूर्णिया कार्यालय भेजा रहा था.
रास्ते में एनएच 57 पर हरियाही गांव के निकट ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने से ट्रक पर रखे बीज को अज्ञात लोगों के द्वारा लूट लिया गया. प्राप्त आवेदन के आलोक में थानाध्यक्ष मो नजीम उद्दीन ने बताया कि अज्ञात लोगों के विरूद्ध थाना कांड संख्या 114/16 दर्ज किया गया है. कहा कि घटना की छानबीन की जा रही है.
