वीरपुर : सहरसा रेलवे रैक से 500 बोरा गेहूं लेकर वीरपुर स्थित भारतीय खाद्य निगम के गोदाम आ रहा एक ट्रक गुरुवार के अहले सुबह पलट गया. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.घटना के बाद ट्रक पर लदा गेहूं सड़क किनारे खेत में फैल गया. घटना की सूचना मिलने के बाद वीरपुर पुलिस द्वारा घटना स्थल का जायजा लिया गया.
ट्रक एवं गेहूं की देखरेख के लिए मौके पर एक चौकीदार की तैनाती की गयी है. जानकारी अनुसार बुधवार को सहरसा से वीरपुर स्थित फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के गोदाम के लिए बीआर11एस/7912 नंबर की ट्रक चला था. एसएच 91 पर गुरुवार की अहले सुबह घना कोहरा छाये रहने की वजह से चालक ने अनियंत्रित होकर से ट्रक को एक जर्जर सड़क की ओर मोड़ दिया जिसके तुरंत बाद ट्रक पलट गया. ट्रक पर लदा एफसीआइ का 500 बोरी गेहूं जमीन के एक बड़े भाग में फैल गया.
ट्रक के पलटने से सड़क किनारे लगा बिजली का तीन खंभा जहां छतिग्रस्त हो गया. वहीं दो खंभों के साथ लगा 63 केवीए का ट्रांसफारमर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. बिजली विभाग के संवेदक ने बताया कि एक दिसंबर को फुल स्ट्रक्चर कार्य विभाग को सौंपा जाना था, लेकिन अंतिम चरण में इस दुर्घटना के हो जाने से विद्युत आपूर्ति का कार्य अब कुछ समय के लिए बाधित हो गया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद एएसआइ राणा सिंह ने स्थिति का जायजा लिया.वीरपुर थानाध्यक्ष सुरेश कुमार राम ने बताया कि दुर्घटना के बाद ड्राइवर के पास मौजूद ट्रक पर लदी सामग्री के चालान को तत्काल जब्त कर लिया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
