ग्रामीणों ने किया रेल का चक्का जाम

हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग बरूआरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित, विरोध प्रदर्शन सात दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपित अजय यादव पुलिस पकड़ से बाहर सुपौल : हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने रविवार को बरूआरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित कर घंटों विरोध प्रदर्शन किया. मृतक के परिजन […]

हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग

बरूआरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित, विरोध प्रदर्शन
सात दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपित अजय यादव पुलिस पकड़ से बाहर
सुपौल : हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने रविवार को बरूआरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित कर घंटों विरोध प्रदर्शन किया. मृतक के परिजन सहित ग्रामीण रेल का चक्का जाम कर हत्या के मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. लगभग छह घंटे तक जाम रहने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. बाद में सुपौल और सहरसा प्रशासन के अथक प्रयास के बाद जाम समाप्त किया गया.
पिछले 20 नवंबर को सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र के पनिदाहा गांव में सुपौल बरूआरी गांव निवासी विकास कुमार उर्फ सिंटू सिंह को गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी.
ग्रामीण सुबह सात बजे से ही सुपौल-सहरसा अप गाड़ी 52323 व डाउन 52324 को जाम कर पुलिस प्रशासन के विरोध में नारेबाजी और रेलवे पटरी पर बैठ कर विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे. आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि सात दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपित अजय यादव को गिरफ्तार नहीं किया जाना प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है. अपराधी खुले आम घूम रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से उसे कुछ नहीं कहा जा रहा है. मृतक के परिजन कल्पना देवी, खुशबू सिंह, चाचा नवल किशोर सिंह, राज किशोर सिंह, बिमल सिंह, जय किशोर सिंह, मीरा देवी, गीता देवी, अमेरिका देवी, नीतू सिंह सहित ग्रामीणों ने कहा कि मुख्य आरोपित को पुलिस अविलंब गिरफ्तार करे. घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीओ नद्दीमुल गफ्फार सिद्धकी, एसडीपीओ वीणा कुमारी, थानाध्यक्ष राजेश्वर सिंह व लौकहा ओपी प्रभारी अनमोल कुमार ने जाम स्थल पर पहुंच लोगों को बहुत समझाया-बुझाया, लेकिन लोग जाम हटाने को तैयार नहीं थे. इसके बाद सहरसा डीएसपी जहांगीर आलम, रेल इंस्पेक्टर अर्जुन कुमार यादव, बिहरा थानाध्यक्ष सरवर आलम के आने के बाद जाम समाप्त कराया गया. मौके पर मौजूद पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि अपराधी की धर-पकड़ के लिए एसटीएफ टीम का गठन किया गया है. जल्द ही अपराधी पुलिस के गिरफ्त में होंगे. मालूम हो कि बरूआरी निवासी युवक विकास कुमार की गत 20 नवंबर को सहरसा जिला के बिहरा थाना अंतर्गत पनिदाहा में अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >