पुलिस हिरासत में गिरफ्तार आरोपित.
किसनपुर : किसनपुर थाना पुलिस ने शनिवार की रात कोसी बांध के भीतर हांसा सतारी टोला के समीप दो युवकों को देसी पिस्तौल व चार कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि शनिवार की रात करीब 01 बजे वे पुलिस दल के साथ गश्ती में निकले थे. इसी क्रम में कोसी तटबंध के भीतर हांसा टोला के समीप पुलिस की गाड़ी देख कर बाईक पर सवार दो युवक भागने लगे. पुलिस ने खदेड़ कर उन्हें पकड़ा.
इसके बाद जांच के दौरान थरिया निवासी राज कुमार मंडल के पास से चार कारतूस व देवेंद्र पासवान के पास से एक देसी पिस्तौल बरामद किया गया. इन युवकों के पास से दो मोबाइल भी बरामद किया गया है. पुलिस ने बाइक संख्या बीआर 43 डी 5819 को जब्त कर लिया है. इसके साथ ही दोनों युवकों को गिरफ्तार कर विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी है.
