विरोध : हड़ताल पर गये चिकित्सक
सुपौल : कोसी प्रमंडल में चिकित्सकों पर हो रहे लगातार जानलेवा हमले का सुपौल जिला आइएमए ने कड़ा विरोध करते हुए इसकी निंदा की है़ साथ ही सहरसा जिला आइएमए द्वारा घोषित हड़ताल का पूर्ण रूपेण समर्थन किया है़ साथ ही मंगलवार की अर्धरात्रि से सुपौल जिले में भी चिकित्सकों के हड़ताल की घोषणा की है़
इस बाबत सदर अस्पताल परिसर में आईएमए, बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ एवं इंडियन डेंटल एसोसिएशन की जिला इकाई की संयुक्त बैठक हुई़ डाॅ कन्हैया प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कोसी प्रमंडल में चिकित्सकों पर हो रहे जानलेवा आक्रमण की घटना पर दुख जताया गया़ साथ ही इसका विरोध करते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया गया़
बताया गया कि हाल के दिनों में सहरसा के चिकित्सक डाॅ गणेश कुमार के अपहरण की साजिश, डाॅ आइडी सिंह व डाॅ ब्रजेश कुमार सिंह से रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया़ इसके अलावा गत दिनों मधेपुरा जिला अंतर्गत् प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के साथ मारपीट तथा रानीपट्टी एपीएचसी के चिकित्सा पदाधिकारी के साथ स्थानीय थानाध्यक्ष द्वारा अभद्र व्यवहार व मारपीट की गयी़
वहीं सुपौल जिले के राघोपुर पीएचसी के चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रतापगंज पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के साथ मारपीट की गयी़ संघ के सदस्यों ने उपरोक्त घटनाओं की कड़े शब्दों में निंदा की़ कहा कि इस प्रकार के भयभीत व अशांत वातावरण में चिकित्सकों द्वार पीड़ित मानवता की सेवा की उम्मीद नहीं की जा सकी़
बैठक में सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि जिले व क्षेत्र में शांतिपूर्ण व भयमुक्त वातावरण बहाल करने की जिम्मेदारी प्रशासन व सरकार की है, लेकिन दुर्भाग्य है कि वे इस कार्य में सफल साबित नहीं हो रहे है़
यहीं वजह है कि अपराधियों द्वारा चिकित्सकों पर हमले किये जा रहे है़ वहीं असामाजिक तत्वों द्वारा उन्हें अपमानित भी किया जाता है़ इन्हीं कारणों से सहरसा आईएमए एवं भाषा के चिकित्सकों ने हड़ताल का निर्णय लिया है़ बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सुपौल आईएमए व भाषा भी उनके हड़ताल का समर्थन करते हुए 23 फरवरी की अर्धरात्रि से हड़ताल पर रहेंगे.
हड़ताल के दौरान सरकारी व निजी चिकित्सकों की आपातकालीन सेवा जारी रहेगी़ बैठक में उपस्थित चिकित्सकों ने कहा कि दोषी व अपराधियों की गिरफ्तारी तक उनका हड़ताल जारी रहेगा़ इस बीच रोगियों के जान माल जिम्मेवारी सरकार की होगी़ इस अवसर पर आईएमए के सचिव डा बीके यादव, भाषा के सचिव डा सीके प्रसाद, आइडीए के सचिव डाॅ अभिषेक कुमार, डाॅ शांति भूषण, डाॅ जितेंद्र सिंह आदि मौजूद थे़
