छातापुर : थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में मंगलवार की देर रात ग्रामीणों ने तीन अनजान युवकों को संदेह के आधार पर खदेड़ा़ इनमें एक युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया़ इस दौरान दो युवक भाग निकले. पकड़े गये युवक चुन्नी पंचायत के वार्ड नम्बर दो निवासी मो इदरीश का पुत्र मो करीम आलम बताया जाता है.
हाजत में बंद युवक ने बताया कि रात खाना खा कर अपने घर में सो रहा था. इसी बीच पड़ोस में रहने वाला अकबर मध्य रात्रि को आया और शाहपुर की किसी महिला का फोन आने की बात बता कर उससे मिलने शाहपुर जाने की बात कही. बताया कि उनके व अकबर के अलावा गांव का नईम भी मिल कर शाहपुर पहुंचे.
यहां अकबर हम दोनों को छोड़ कर उस महिला से मिलने चला गया. कुछ देर बाद ग्रामीणों का शोर शुरू हो गया. शोर सुन कर वहां से भागने के क्रम में वह ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया. बताया कि रात में ही ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से उसे हिरासत में ले लिया और थाने लाकर हाजत में बंद कर दिया. इस बाबत थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि महिला पक्ष की ओर से लिखित आवेदन दिया गया है कि चोर होने के अंदेशे में युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया गया था. युवक निर्दोष है, इसलिये उसे मुक्त कर दिया जाये. लिखित बयान के पर युवक को मुक्त कर दिया गया है.
