सुपौल : फर्जी डिग्री के आधार पर अवैध रूप से क्लिनिक चलाने के आरोप में डाॅ मंजय के विरुद्ध सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. गुरुवार को तथाकथित चिकित्सक डाॅ मंजय को पुलिस ने न्यायालय में उपस्थित कराया़ वहीं पुलिस अभी भी तथाकथित डॉक्टर से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच में जुटी है. सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि डॉक्टर पर मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ रामेश्वर साफी ने डाॅ मंजय कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें कहा गया है कि 09 दिसंबर को 12:10 बजे पानी टंकी के समीप समरेंद्र नारायण सिंह के मकान में संचालित आयुष चाइल्ड केयर नामक क्लिनिक की जांच की गयी. जांच के दौरान क्लिनिक बंद मिला. बोर्ड पर अंकित एमबीबीएस, डीसीएच, दिल्ली ट्रेनिंग इन आरएमएल, दिल्ली प्रथम द्रष्टया फर्जी प्रतीत होता है.
अपराह्न 04:00 बजे सदर थाना में मौजूद डाॅ मंजय कुमार से मेडिकल एजुकेशन से संबंधित डिग्री के संबंध में पूछताछ की गयी, तो उन्होंने संतोषप्रद जवाब नहीं दिया. उन्होंने बताया कि फर्जी डिग्री व अवैध तरीके से क्लिनिक चलाने के आरोप में इनके प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
