2558 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, तस्कर गिरफ्तार

2558 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, तस्कर गिरफ्तार

त्रिवेणीगंज. थाना क्षेत्र में रविवार की रात नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कोडीन युक्त कफ सिरप की भारी खेप बरामद की है. एसपी शरथ आरएस के निर्देश पर जिला पुलिस की डीआईयू सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर शिवनगर वार्ड नंबर 09 में छापामारी की. इस दौरान प्रतिबंधित विशकफ कफ सिरप की कुल 2558 बोतलें बरामद की गई. इस कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मौके से स्थानीय निवासी सोगानंद सरदार के पुत्र मनोज सरदार को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह खेप जिले के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों में खपाने की तैयारी थी. तस्कर ने कफ सिरप की खेप अपने घर में मवेशियों के चारे (भूसा) के नीचे छिपाकर रखी थी.

स्थानीय पुलिस को नहीं थी भनक

चौंकाने वाली बात यह रही कि इस पूरी कार्रवाई की जानकारी पहले से स्थानीय पुलिस को नहीं थी. डीआईयू सेल द्वारा छापेमारी और बरामदगी के बाद स्थानीय थाना को सूचित किया गया. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की. इस बड़ी बरामदगी के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

255 लीटर से अधिक नशीली दवा जब्त

बरामद की गई प्रत्येक बोतल एक सौ एमएल की है, जिसकी कुल मात्रा लगभग 255.8 लीटर आंकी गई है. यह पूरी खेप 19 कार्टूनों में पैक कर अवैध रूप से बिक्री के लिए संग्रहित की गई थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में कफ सिरप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे मुख्य सरगना कौन है.

क्या कहते हैं एसपी

एसपी शरथ आरएस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है. मामले में संबंधित थाना में कांड दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है. बरामद कफ सिरप के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा कारोबार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

छापेमारी टीम में ये थे शामिल

इस सफल कार्रवाई के दौरान जिला डीआईयू टीम के अलावा थानाध्यक्ष राकेश कुमार, सब इंस्पेक्टर प्रणय शंकर, एएसआई ज्योति प्रसाद एवं थाना सशस्त्र बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे. गिरफ्तार तस्कर मनोज सरदार को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >