महिला पोस्टमास्टर की हत्या करनेे के मामले में दोनों पक्षों ने थाने में दर्ज करायी प्राथमिकी

किसनपुर (सुपौल) : फुलवरिया निवासी पोस्टमास्टर लवली कुमारी की हत्या व आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा हत्यारे की पीट-पीट कर हत्या, दोनों मामले में पुलिस द्वारा परिजन की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पोस्टमास्टर लवली के पिता सूर्य नारायण यादव के फर्द बयान पर थाना कांड संख्या 165/19 दर्ज किया गया है. दर्ज कांड में […]

किसनपुर (सुपौल) : फुलवरिया निवासी पोस्टमास्टर लवली कुमारी की हत्या व आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा हत्यारे की पीट-पीट कर हत्या, दोनों मामले में पुलिस द्वारा परिजन की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पोस्टमास्टर लवली के पिता सूर्य नारायण यादव के फर्द बयान पर थाना कांड संख्या 165/19 दर्ज किया गया है.

दर्ज कांड में पिता ने कहा है कि रविवार के अपराह्न करीब 04:30 बजे वे अपनी पत्नी मंजू देवी एवं पुत्री लवली कुमारी के साथ बैठे थे. उसी समय मड़राही टोला के विमल कुमार यादव का पुत्र अस्मित कुमार बाइक से आया और कहा कि पोस्ट ऑफिस का कार्य है.
उसे बैठाया गया और पुत्री से पानी लाकर देने को कहा गया. लवली जब पानी लेकर बरामदे पर आयी तो अस्मित ने उसे गोली मार दी. सीने में गोली लगने से लवली लहूलुहान होकर गिर गयी. जिसके बाद वे अपनी पुत्री को लेकर भाई शत्रुघ्न यादव के साथ सुपौल के निजी अस्पताल आए. जहां इलाज के क्रम में लवली की मौत हो गयी.
आरोपित के परिजन द्वारा भी दर्ज करायी गयी प्राथमिकी . फुलवरिया गांव में रविवार की संध्या पोस्टमास्टर लवली कुमारी की गोली मार कर हत्या के बाद आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा आरोपित की पीट-पीट कर हत्या मामले में मृतक अस्मीत कुमार के परिजनों द्वारा भी थाना में मामला दर्ज कराया गया है.
मृतक के चाचा टेंगराहा गांव निवासी कमल कुमार भारती ने कहा है कि रविवार की शाम 05 बजे शाम उनके भाई विमल कुमार यादव के पुत्र अस्मित कुमार को गांव के सूर्यनारायण यादव, रुपेश यादव, अखिलेश यादव, बैजनाथ यादव, राजेश यादव, अजीत कुमार, शत्रुघन यादव, सुर्यनारायण यादव की पत्नी साजिश कर फोन कर बुला लिया.
जब अस्मित बाइक से सूर्यनारायण यादव के यहां गया तो अचानक सभी लोगों ने घेर लिया और मारपीट करने लगा. अस्मित कुमार को ईंट पत्थर, हाथ-पैर से पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी. उन्होंने सूर्यनारायण यादव पर खुद अपनी पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाया है.
डाक विभाग के अधिकारी व कर्मी भी दाह संस्कार में हुए शामिल. पोस्ट मास्टर लवली कुमारी की हत्या की सूचना पाकर सोमवार को डाक अधीक्षक सुपौल डीके दास फुलवरिया गांव पहुंचकर मृतका के परिजनों से मिले तथा घटना की जानकारी ली.
वे लवली के दाह संस्कार में भी शामिल हुए. दाह संस्कार में सहरसा ग्रामीण डाक संघ के सहायक सचिव अमरेंद्र कुमार अमर, संरक्षक विनोद कुमार मिश्रा, महेंद्र यादव, मनोज रजक, दिनेश पासवान, दिनेश कुमार मंडल, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के शाखा ऋषिकेश झा, डाक अधिकक्षक राम सुभक मेहता, अखिलेश आनंद आदि शामिल थे.
मृतक की बहन एवं चचेरे भाई ने किया अग्निदान . फुलवरिया गांव में टेंगराहा निवासी विमल कुमार यादव के इकलौता पुत्र अस्मित कुमार को पीट-पीट कर हत्या की खबर मिलते ही मृतक की मां रेखा देवी व पिता विमल कुमार यादव का रो-रोकर बुरा हाल था. मृतक का चचेरा भाई राजा कुमार एवं इकलौती बहन 18 वर्षीया नम्रता कुमारी ने एक साथ अग्निदान किया.
मौसी सुलेखा देवी, चाची श्रवती देवी एवं पवित्री देवी, गायत्री देवी, कविता देवी आदि ने बताया कि अस्मित तीन माह से घर पर रहा रहा था. रविवार को 05 बजे तक अपने घर पर ही था. मां से कहा कि फुलवरिया चौक से आते हैं. लेकिन जब गया तब लौट कर नहीं आया. मृतक की मां रो-रोकर कह रही थी कि अस्मित उनका एक मात्र पुत्र था. अब वे किसके सहारे जीवन-बसर करेंगे.
गांव में पसरा है सन्नाटा
थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में रविवार की संध्या पोस्ट मास्टर लवली कुमारी की गोली मारकर हत्या कर भाग रहे हत्यारे असमित कुमार को भी पीटपीट कर मार दिया गया. हत्या के बाद गांव में सन्नाटा बना हुआ है. सोमवार को गांव के अधिकतर लोग गांव से पश्चिम पोखर पर मृतका लवली कुमारी का दाह संस्कार करने में जुटे थे.
गांव में पुलिस की गश्ती बढ़ा दी गयी है. हत्या को लेकर ग्रामीणों द्वारा तरह-तरह की चर्चाएं की जा रही है. गांव के लोग घटना को अनहोनी बता रहे थे. घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम छाया हुआ है. मृतका की मां मंजू देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है.
शव का हुआ दाहसंस्कार
रविवार की संध्या एक साथ दो हत्या के बाद सोमवार को दोनों परिवार के परिजनों द्वारा पुलिस की देख-रेख में कुछ ही दूरी पर दोनों मृतकों का दाह संस्कार किया गया. पोस्टमास्टर लवली कुमारी के भाई सूर्य प्रकाश यादव ने अपनी बहन को मुखाग्नि दी. लवली के पिता सूर्य नारायण यादव को दो पुत्र सूर्य प्रकाश एवं वैभव विश्वास हैं. मृतका लवली कुमारी एक मात्र पुत्री थी. लवली ने नवोदय विद्यालय और कोटा तथा पटना में रह कर पढ़ाई की थी. फुलवरिया गांव के पोस्टमास्टर के रूप में उसे दो साल पूर्व नौकरी मिली.
कैंप कर रही पुलिस
रविवार की संध्या दो लोगों की हत्या के बाद उपजे तनाव को देखते हुए एसडीपीओ विद्यासागर के नेतृत्व में 05 दर्जन पुलिस बल जगह-जगह पर कैंप कर रही है. हर गतिविधि पर नजर रखा जा रहा है. हर आने-जाने की तालाशी एवं पूछताछ किया जा रहा है. दोनों मृतकों के परिजनों का घर 01 किमी की दूरी पर है.
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार गश्ती की जा रही है. पुलिस अभिरक्षा में एक साथ दोनों लाश का अलग-अलग दाह संस्कार करवाया गया. एसडीपीओ ने कहा कि किसी तरह का पक्षपात नहीं होगा. दोनों पक्ष की ओर से आवेदन दिया गया है. दोनों दर्ज किया जा चुका है.
कहते हैं अधिकारी
फुलवरिया निवासी लवली कुमारी की गोली मार कर हत्या कर दी गयी. घटना को अंजाम देकर भागने के क्रम में अस्मित कुमार को ग्रामीणों एवं परिजनों द्वारा पकड़ कर मारपीट की गयी. भीड़ द्वारा की गयी मारपीट से अस्मित कुमार की मौत हो गयी. घटना के संबंध में दोनों तरफ से प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है. घटना स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गयी है. पुलिस द्वारा मामले में अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है. साथ ही स्थिति पर निकट निगरानी रखी जा रही है.
मृत्युंजय कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक, सुपौल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >