त्रिवेणीगंज : थाना क्षेत्र के कुशहा पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर आठ योगियाचाही गांव में सोमवार की संध्या भीषण अगलगी की घटना घटी. इस घटना में दिलो यादव व देवदत्त यादव का घर व घर में रखे सभी सामान जलकर खाक हो गया.
इस दौरान आग पर काबू पाने के क्रम में रमण यादव को माथे पर चोट लगने से वह जख्मी हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग करीब 6:30 संध्या घर में लगी और देखते ही देखते आग ने अपना रौद्ररूप धारण कर लिया. आग लगने की खबर सुनकर ग्रामीण जुटे और आग इतनी भीषण थी कि काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
पीड़ित दिलो यादव एवं देवदत्त यादव ने बताया कि अगलगी की घटना में घर समेत घर में रखे फर्नीचर, बर्तन, अनाज, दो साइकिल, जेवर, कपड़े व जरूरी कागजात समेत 50 हजार नकद जो एक बक्से में रखा था जलकर राख हो गया. अगलगी की घटना में करीब ढाई लाख के संपत्ति के नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है. आग लगने के कारणों का स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है.
घटना की सूचना पाकर संबंधित हल्का के राजस्व कर्मचारी दिनेश गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचे. स्थलीय जानकारी हासिल किया एवं क्षति का जायजा लिया. अगलगी की घटना के बाबत पीड़ित गृहस्वामी के द्वारा अंचलाधिकारी व स्थानीय थाने को लिखित जानकारी दी गयी.
