जदयू नेता के परिजन ने डॉक्टर से िकया दुर्व्यवहार

वीरपुर(सुपौल) : जदयू महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष सह पूर्व जिप सदस्य गीता देवी को सोमवार को एक मौसमी कीड़े (बिरनी) ने काट लिया. इससे आहत उनके पति व पुत्र ने चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अमर्यादित व्यवहार किया. वहीं घटना के विरोध में आहत डॉक्टर समेत स्वास्थ्यकर्मियों ने सोमवार को पीएचसी में ताला […]

वीरपुर(सुपौल) : जदयू महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष सह पूर्व जिप सदस्य गीता देवी को सोमवार को एक मौसमी कीड़े (बिरनी) ने काट लिया. इससे आहत उनके पति व पुत्र ने चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अमर्यादित व्यवहार किया. वहीं घटना के विरोध में आहत डॉक्टर समेत स्वास्थ्यकर्मियों ने सोमवार को पीएचसी में ताला जड़ कर हड़ताल पर बैठ गये. वहीं कर्मियों की हड़ताल से मरीजों की चिकित्सा व्यवस्था पर प्रतिकूल असर देखा गया.

सोमवार की सुबह तकरीबन नौ बजे बसंतपुर स्थित पीएचसी भीमनगर से लगभग 50 मीटर की दूरी पर सरकारी क्वार्टर में रह रहीं जदयू महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष सह पूर्व जिप सदस्य गीता देवी को बिरनी के काटने पर उनके पति व
जदयू नेता के…
पुत्र ने डॉक्टर को फोन पर घर पहुंचने की सूचना दी. डॉक्टर ने फोन पर उन्हें जानकारी दी कि अस्पताल में वे सर्पदंश के मरीज का उपचार कर रहे हैं. मरीज को अस्पताल ही ले आयें. समुचित उपचार किया जायेगा. फोन पर डॉक्टर का इनकार सुनते ही अध्यक्ष पति और उनके पुत्र आग बबूला हो उठे. मोटरसाइकिल व चार पहिया वाहन से अपने सहयोगियों के साथ अस्पताल आ धमके. सर्पदंश के मरीज का उपचार कर रहे डॉ इमरान अहमद व डॉ मृणाल कांत सिन्हा के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ काटने की धमकी देने लगे. इस बीच मरीज व अस्पताल कर्मियों द्वारा बीच बचाव कर मामला शांत करने का प्रयास किया गया. लेकिन वे लोग उनके साथ भी गाली-गलौज करने लगे और अपना पावर दिखाने की धमकी भी दी.
इधर मामला को शांत कराने के लिए सर्पदंश के मरीज को डॉ इमरान के हवाले छोड़ डॉ मृणाल कांत सिन्हा गीता देवी को देखने उनके निवास स्थान पहुंचे. इसके बाद सर्पदंश के मरीज के उपचार के लिए वे पुन: अस्पताल पहुंचे कि अध्यक्ष के परिवार के लोग आकर फिर गाली-गलौज करने लगे. घटना से आहत स्वास्थ्यकर्मियों ने पीएचसी बसंतपुर भीमनगर में ताला जड़ कर अपनी जान-माल की सुरक्षा के लिए विरोध प्रदर्शन करते हुए हड़ताल पर जाने की सूचना अपने वरीय चिकित्सा पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को दी.
घटना के बाबत बसंतपुर पीएचसी भीमनगर के डॉ मृणाल कांत सिन्हा ने बताया कि वे लोग उपलब्ध संसाधन में अधिक से अधिक मरीजों को रात-दिन सेवा देने में लगे रहते हैं. लेकिन बिरनी के काटने जैसी मामूली बात पर सर्पदंश के मरीज को छोड़ कर उपचार करने के लिए जाना कहां तक सही है. बावजूद इसके सर्पदंश के मरीज को छोड़ कर वे अध्यक्ष के घर गये. इसके बदले गाली-गलौज सुनने को मिला. वहीं डॉ इमरान अहमद ने बताया कि वे और डॉ मृणाल सर्पदंश के मरीज का इलाज कर रहे थे. इस कारण अध्यक्ष के पति के फोन पर मरीज को उपचार के लिए अस्पताल लाने का आग्रह किया. बस इतनी सी बात पर वे सभी लोग आक्रोश में आकर गाली देने लगे. ऐसे माहौल में मरीजों का बेहतर इलाज कैसे संभव हैं. इस कारण सभी स्वास्थ्य कर्मियों ने अस्पताल में ताला जड़ कर हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है. इधर बसंतपुर पंचायत के रघुनाथपुर वार्ड नंबर 04 निवासी सर्पदंश मरीज विनोद कुमार ने बताया कि वे सर्पदंश के मरीज हैं. चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा था. मौके पर ऐसी समस्या आ पड़ी कि उपचार कर रहे चिकित्सक अधूरा उपचार कर हड़ताल पर चले गये हैं. अब उनका उपचार भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है. हालांकि जिलाध्यक्ष सहित उनके परिजन दुर्व्यवहार सहित अन्य आरोपों को बेबुनियाद बताया है.
विरोध में अस्पताल कर्मियों ने पीएचसी में जड़ा ताला, गये हड़ताल पर
बिरनी के काटने पर पति व पुत्र ने डॉक्टर को घर आने को कहा
सर्पदंश के मरीज का उपचार कर रहे डॉक्टर ने जतायी असमर्थता
अस्पताल पहुंच जदयू नेता के परिजनों ने किया गाली-गलौज, हंगामा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >