मुजफ्फरपुर से कुमार गौरव की रिपोर्ट
Sub-Junior Boxing Championship: मुजफ्फरपुर की युवा मुक्केबाज़ प्रगति राज ने सब जूनियर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया है. इस जीत के साथ वह लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय चैंपियन बनी हैं. वहीं बिहार के चार खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया है.
ये भी पढ़ें: बिहार सरकार अब युवाओं को देगी 6 हजार रुपये, इंटर्नशिप करने का मिला सुनहरा मौका
लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय चैंपियन बनीं प्रगति
मुजफ्फरपुर बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव रणवीर कुमार अमर और कोच बब्लू देव ने बताया कि पंजाब के एलपीयू विश्वविद्यालय में आयोजित 2026 सब जूनियर गर्ल्स नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में प्रगति राज ने 64 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया.
इससे पहले भी उन्होंने वर्ष 2025 की सब जूनियर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था. लगातार दो वर्षों तक राष्ट्रीय खिताब जीतकर उन्होंने बिहार की पहली ऐसी महिला मुक्केबाज़ बनने का गौरव हासिल किया है, जिसने यह उपलब्धि दर्ज की.
बिहार के चार खिलाड़ियों ने जीते पदक
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी शानदार रहा.
- प्रगति राज (मुजफ्फरपुर) – स्वर्ण पदक.
- नित्या पांडेय (औरंगाबाद) – स्वर्ण पदक.
- वीर (कटिहार) – कांस्य पदक.
- लक्की (मुंगेर) – कांस्य पदक.
इन सभी खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार का नाम रोशन किया.
मुजफ्फरपुर से दिल्ली तक का सफर
प्रगति राज ने अपने बॉक्सिंग करियर की शुरुआत मुजफ्फरपुर बॉक्सिंग एसोसिएशन से की थी. बेहतर प्रशिक्षण के लिए बाद में वह दिल्ली चली गईं, जहां पिछले कुछ वर्षों से अभ्यास कर रही हैं.
उनके पिता भारतीय सेना में हरियाणा के हिसार में कार्यरत हैं. परिवार के सहयोग और लगातार मेहनत के दम पर प्रगति ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है.
बिहार बॉक्सिंग के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
बिहार ने इस बार सब जूनियर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है.
बिहार बॉक्सिंग एसोसिएशन की महासचिव स्मिता कुमारी और चेयरमैन राजीव कुमार सिंह ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी. उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बिहार का नाम रोशन करेंगे.
ये भी पढ़ें: 1600 घरों की रोटियों से मिल रहा गौ माताओं को सहारा, पटना में मिसाल बनी रोटी बैंक सेवा
