Siwan Daha River : सीवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र के नबीगंज स्थित दाहा नदी घाट पर सोमवार को कलश यात्रा के दौरान डूबे 18 वर्षीय सूरज कुमार का शव मंगलवार को करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया. एसडीआरएफ की टीम सोमवार शाम से लगातार युवक की तलाश में जुटी थी. मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बदरजीमी पुल के दक्षिण और नबीगंज घाट के पश्चिम पानी की सतह पर शव दिखाई दिया, जिसके बाद उसे बाहर निकाला गया.
खोह में फंसा होने की जताई जा रही आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार शव का पूरा शरीर काला पड़ चुका था. आशंका है कि युवक का शव नदी के गहरे खोह में बालू के नीचे दब गया था. लगातार चल रहे रेस्क्यू अभियान और बोटों की हलचल के कारण शव ऊपर आ सका, जिसके बाद एसडीआरएफ ने उसे बरामद किया.
कलश यात्रा के दौरान हुआ था हादसा
मृतक की पहचान लकड़ी दरगाह निवासी श्रीभगवान साह के 18 वर्षीय इकलौते पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है. सोमवार दोपहर करीब एक बजे कलश यात्रा के लिए जल भरने के दौरान श्रद्धालु महिलाओं की मदद करते समय वह दाहा नदी में डूब गया था. स्थानीय लोगों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर प्रशासन को सूचना दी गई.
पहले भी हो चुके हैं हादसे
ग्रामीणों ने बताया कि नबीगंज घाट के पास दाहा नदी में एक गहरा खोह है, जहां पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है. इसी कारण एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान के दौरान इसी इलाके पर विशेष ध्यान केंद्रित किया.
सोमवार शाम से मंगलवार तक चला रेस्क्यू अभियान
एसडीआरएफ की टीम ने सोमवार शाम करीब पांच बजे से सात बजे तक और फिर मंगलवार सुबह सात बजे से लगातार खोज अभियान चलाया. नबीगंज घाट से पकड़ी कब्रिस्तान तक कई बार बोट से तलाशी ली गई. काफी प्रयास के बाद मंगलवार दोपहर शव पानी की सतह पर दिखाई दिया.
गांव में पसरा मातम
शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीवान भेज दिया. मौके पर सरपंच संतोष चौहान, राजस्व कर्मचारी नासिर अहमद, अभय पाल, स्थानीय चौकीदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है.
ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से दाहा नदी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, खतरनाक स्थानों की पहचान कर चेतावनी बोर्ड लगाने और पर्व-त्योहार के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने की मांग की है.
Also Read : रक्षाबंधन पर विदेश भेजें राखी, सीवान डाकघर में 185 रुपये से शुरू सेवा, जानिए पूरी प्रक्रिया
