Drowning Death: बड़हरिया थाना क्षेत्र के बाबूहाता हाइस्कूल के समीप स्थित पोखरे में शुक्रवार की शाम भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबने से एक युवक की मौत हो गयी. मृत युवक की पहचान शेखपुरा निवासी राजू शर्मा के 20 वर्षीय पुत्र अजीत शर्मा के रूप में हुई है. घटना के बाद शेखपुरा गांव में कोहराम मच गया.
प्रतिमा विसर्जन के दौरान गहरे पानी में चला गया अजीत
बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम करीब साढ़े चार बजे शेखपुरा गांव में स्थापित भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए कई युवक बाबूहाता पोखरे पर पहुंचे थे. प्रतिमा विसर्जन के दौरान अजीत समेत अन्य युवक पोखरे में उतरे. अन्य युवक कुछ देर बाद पानी से बाहर निकल आये, जबकि अजीत गहरे पानी में चला गया और डूब गया.
एक घंटे की मशक्कत के बाद पोखरे से निकाला
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गयी. स्थानीय तैराकों व गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गयी. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बाबूहाता के युवकों ने अजीत को पोखरे से बाहर निकाला. इसके बाद परिजन व ग्रामीण उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बड़हरिया ले गये, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
तीन भाई-बहनों में इकलौता भाई था अजीत
अजीत की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. बताया जाता है कि अजीत ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी. वह तीन भाई-बहनों में इकलौता भाई था. घटना के बाद शेखपुरा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.
घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारी व ग्रामीण
घटनास्थल पर एसआइ गुड्डू कुमार, राजस्व कर्मचारी नासिर अहमद, समाजसेवी वीरेश सिंह, अली अख्तर, अशोक गिरि, हरेंद्र पंडित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
