सीवान: नौतन में डायग्नोस्टिक सेंटर का ताला तोड़कर पांच लाख की चोरी, लैपटॉप और जांच मशीनें ले गये चोर

सीवान के नौतन थाना क्षेत्र में ग्लोबल डायग्नोस्टिक सेंटर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 5 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ किया. लैपटॉप, सीबीसी और एनालाइजर मशीनें चोरी हो गईं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Siwan News : नौतन थाना क्षेत्र के सोना पुल के समीप स्थित ग्लोबल डायग्नोस्टिक सेंटर का ताला तोड़कर चोरों ने लैपटॉप, सीबीसी मशीन और एनालाइजर मशीन समेत करीब पांच लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली. घटना की जानकारी शनिवार की सुबह केंद्र संचालक को हुई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

सुबह सेंटर का शटर खुला देख मिली चोरी की जानकारी

बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम करीब 7:30 बजे डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक केंद्र में ताला बंद कर घर चले गये थे. शनिवार की सुबह करीब छह बजे सेंटर के नीचे संचालित जिम के संचालक ने केंद्र संचालक को फोन कर बताया कि डायग्नोस्टिक सेंटर का शटर खुला हुआ है.

सूचना मिलने पर केंद्र संचालक मौके पर पहुंचे. सेंटर के अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि मुख्य ताला टूटा हुआ था. जांच करने पर लैपटॉप, सीबीसी मशीन, एनालाइजर मशीन समेत जांच में इस्तेमाल होने वाले कई अन्य सामान गायब मिले. चोरी गये सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बतायी जा रही है.

112 पर फोन कर पुलिस को दी सूचना

चोरी की जानकारी मिलने के बाद केंद्र संचालक ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सेंटर में छानबीन की. पुलिस ने चोरी की घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली और आसपास के क्षेत्र में भी जांच की.

लिखित आवेदन मिलने के बाद होगी कार्रवाई

थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि चोरी के संबंध में अभी लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जायेगी.

वहीं, ग्लोबल डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि वे फिलहाल बाहर हैं. उन्होंने बताया कि चोरी गये सामान में डायग्नोस्टिक मशीन, लैपटॉप और जांच में उपयोग होने वाली अन्य मशीनें शामिल हैं.

पुलिस के अनुसार, लिखित शिकायत मिलने के बाद चोरी की घटना की विस्तृत जांच की जायेगी. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शिवनाथ पांडेय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >