सीवान के महेंद्रनाथ मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की टेम्पो पलटी, एक की मौत, तीन घायल

Siwan News: सीवान के चैनपुर थाना क्षेत्र में महेंद्रनाथ मंदिर से पूजा कर लौट रहे श्रद्धालुओं की टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

Siwan News: चैनपुर थाना क्षेत्र के माधवपुर गांव के समीप मंगलवार को एक सड़क हादसे में महेंद्रनाथ मंदिर धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिला सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था परिवार

मृतक की पहचान दरौंदा प्रखंड के बाल बंगरा गांव निवासी श्रीराम राम के रूप में हुई है. घायलों में प्रमिला देवी, नीतू देवी और एक अन्य परिजन शामिल हैं. सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं.

जानकारी के अनुसार परिवार के लोग सिसवन स्थित बाबा महेंद्रनाथ मंदिर धाम में पूजा-अर्चना करने गए थे. दर्शन के बाद वे टेम्पो से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान माधवपुर गांव के पास टेम्पो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई.

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने श्रीराम राम को मृत घोषित कर दिया. वहीं अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया.

गांव में पसरा मातम

शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने बताया कि सभी लोग मंदिर में पूजा-अर्चना कर खुशी-खुशी घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं. श्रीराम राम परिवार के मुख्य सदस्य थे और उनके निधन से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, जांच में जुटी पुलिस

चैनपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में टेम्पो की तेज रफ्तार और चालक के वाहन पर नियंत्रण खो देने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Also Read: बिहार के कलाकारों की चमकेगी किस्मत, अब मुंबई से ही होंगे बुक, घर बैठे फिल्म में मिलेगा काम



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Arvind kumar

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >