प्रतिनिधि,सीवान. बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन लिमिटेड के राज्य प्रबंधक (मार्केटिंग) राकेश शर्मा ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों (पीबीसीएस) का निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद सीवान सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के सभाकक्ष में सहायक प्रबंधक, अध्यक्ष और सुपरवाइजर के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार और संस्था द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का सीधा लाभ सब्जी उत्पादक किसानों तक पहुंचना चाहिए.इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उनका भरोसा भी बढ़ेगा.उन्होंने पीबीसीएस में ज्यादा से ज्यादा सदस्यों को जोड़ने पर भी जोर दिया ताकि समितियां और मजबूत बन सकें.बैठक के दौरान कहा कि सभी पीबीसीएस को सक्रिय रूप से काम करना होगा और योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाना सुनिश्चित करना होगा.उन्होंने कहा कि पीबीसीएस के माध्यम से किसानों को नई तकनीक, बेहतर बाजार और उचित दाम की जानकारी दी जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें.उन्होंने निर्देश दिया कि हर समिति गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करे और उन्हें सदस्य बनाकर योजनाओं से जोड़े. साथ ही किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उसका समाधान किया जाए.उन्होंने कहा कि जब किसान मजबूत होंगे तभी समिति और पूरा तंत्र मजबूत होगा, इसलिए किसानों का विश्वास जीतना सबसे जरूरी है.रघुनाथपुर पीबीसीएस में सब्जियों के भंडारण के लिए बन रही आधारभूत संरचना की भी उन्होंने समीक्षा की.काम की प्रगति पर संतोष जताते हुए उन्होंने इसे और तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया.वहीं दरौली पीबीसीएस में बन रहे सब्जी रिटेल आउटलेट का भी जायजा लिया और कहा कि इस तरह की सुविधा से किसानों को बाजार तक सीधी पहुंच मिलेगी और उन्हें बेहतर दाम मिलेंगे.उन्होंने बैठक में मौजूद अन्य समितियों के अध्यक्षों से भी कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भंडारण और रिटेल आउटलेट बनाने के लिए जल्द प्रस्ताव दें.साथ ही हसनपुरा, महाराजगंज और बसंतपुर पीबीसीएस को जल्द से जल्द व्यवसाय शुरू करने का निर्देश दिया गया ताकि किसान इसका फायदा उठा सकें.समीक्षा बैठक के बाद राज्य प्रबंधक ने रघुनाथपुर और दरौली में चल रहे निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन भी किया और मौके पर ही जरूरी दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने सभी पीबीसीएस को नियमित रूप से कार्यालय खोलने और सक्रिय रूप से काम करने की भी बात कही.उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में पीबीसीएस को मजबूत करने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए कई और कदम उठाए जाएंगे.इस मौके पर सहायक निबंधक सुमन कुमार सिंह, सहकारिता प्रसार पदाधिकारी मुख्यालय लोकेश कुमार, अध्यक्ष दिलीप कुमार, योगेंद्र भगत, सफी अहमद, टुनटुन सिंह, अनिल सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे.
सब्जी सहकारी समितियों का राज्य प्रबंधक ने किया निरीक्षण
बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन लिमिटेड के राज्य प्रबंधक (मार्केटिंग) राकेश शर्मा ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों (पीबीसीएस) का निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद सीवान सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के सभाकक्ष में सहायक प्रबंधक, अध्यक्ष और सुपरवाइजर के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
