Siwan fire accident: शहर के स्टेशन रोड स्थित जिम्मी सेल्स में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गयी. दुकान से धुआं और आग की तेज लपटें निकलती देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गयी. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी. प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
तीन दमकल टीमों ने एक घंटे तक की मशक्कत
आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग को दी गयी. सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत की. इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका.
आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकी आग
अग्निशमन कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया. अगलगी के बाद स्टेशन रोड पर कुछ देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही. बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गये. आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली.
नुकसान का किया जा रहा आकलन
अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है. आग में दुकान के सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है. वहीं, आग लगने के वास्तविक कारण की जांच भी की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जतायी जा रही है, जबकि नुकसान और आग लगने के वास्तविक कारण की स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.
