Siwan Road Accident Woman Death : (अमित सिंह) एनएच-227ए पर सिपाह मोड़ के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई. मृतका अपने मारपीट में घायल पति को देखने अस्पताल जा रही थी. रास्ते में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई.
पति के घायल होने की सूचना मिलते ही निकली थी घर से
मृतका की पहचान बसंतपुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी मुन्ना राय की पत्नी ललिता देवी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह राजापुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए थे. घायलों में ललिता देवी के पति मुन्ना राय और पुत्र मोनू कुमार भी शामिल थे.
मायके से बेटी के साथ लौट रही थी महिला
बताया जाता है कि ललिता देवी अपनी बेटी खुशी कुमारी के साथ सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र स्थित नारायणपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं. पति के घायल होने की सूचना मिलते ही वह बदहवास होकर अपने भतीजे की बाइक से बेटी के साथ बसंतपुर के लिए रवाना हुईं.
Siwan News : सिपाह मोड़ के पास हुआ हादसा
जैसे ही बाइक बसंतपुर के सिपाह मोड़ के समीप पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ललिता देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
सदर अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. लेकिन इलाज के लिए सिवान ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
शव पहुंचते ही गांव में पसरा मातम
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव राजापुर गांव पहुंचा, पूरे गांव में मातम छा गया. मृतका की बेटी खुशी कुमारी (16), बेटा सोनू (11) और मोनू (9) का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया.
एक ही दिन में परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह जमीनी विवाद में पति और बेटे के घायल होने के बाद परिवार पहले से ही संकट में था. ऐसे में घायल पति को देखने जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है.
Also Read : RJD को बड़ा झटका, वरिष्ठ नेत्री सह पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष भाजपा में शामिल
