Siwan News: (मनीष गिरी की रिपोर्ट) सीवान में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों के लिए समाज कल्याण विभाग ने अहम सूचना जारी की है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के भीतर जीवन प्रमाणीकरण (Life Certification) नहीं कराने वाले पेंशनधारियों की पेंशन बंद हो सकती है. ऐसे में सभी लाभुकों को जल्द से जल्द अपना जीवन प्रमाणीकरण (Life Certification) कराने की सलाह दी गई है.
सीएससी केंद्रों पर निःशुल्क हो रहा जीवन प्रमाणीकरण
विभाग की ओर से बताया गया है कि पेंशनधारी अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण करा सकते हैं. इसके लिए पंचायत स्तर पर विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है.
जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने बताया कि यह अभियान 30 अप्रैल से शुरू होकर 30 मई तक चलेगा. अभियान के तहत पंचायतों में शिविर लगाकर सीएससी के माध्यम से लाभुकों का बायोमैट्रिक सत्यापन किया जा रहा है.
जिले में 1.25 लाख से अधिक सत्यापन लंबित
डीएम ने जानकारी दी कि जिले में वर्तमान में लगभग 1 लाख 25 हजार 740 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है. समय पर सत्यापन नहीं होने की स्थिति में इन लाभुकों की पेंशन भुगतान प्रभावित हो सकता है. उन्होंने सभी लाभुकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द शिविर या नजदीकी सीएससी केंद्र पहुंचकर अपना जीवन प्रमाणीकरण पूरा कराएं.
फिंगरप्रिंट और आइरिस फेल होने पर होगी भौतिक जांच
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन पेंशनधारियों का बायोमैट्रिक सत्यापन फिंगरप्रिंट या आइरिस के माध्यम से संभव नहीं हो पा रहा है, उनके लिए भौतिक सत्यापन की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है. ऐसे मामलों में संबंधित बीडीओ और कार्यपालक पदाधिकारी लाभुकों का सत्यापन करेंगे, ताकि उनकी पेंशन निर्बाध जारी रह सके.
पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे विशेष शिविर
समाज कल्याण विभाग की ओर से पंचायत स्तर पर लगातार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इन शिविरों में लाभुकों को जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी कराने में सहायता दी जा रही है. विभाग ने कहा है कि समय पर प्रमाणीकरण कराने से पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी.
ALSO READ: पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हेरोइन और विदेशी शराब के साथ कई तस्कर गिरफ्तार
