मालगोदाम से चोरी हुई 60 बोरी सीमेंट बरामद, दो गिरफ्तार

Siwan News: सीवान मालगोदाम साइडिंग से चोरी हुई 60 बोरी प्रिज्म सीमेंट के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी सफलता हासिल की है।

Siwan News: (अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट) सीवान मालगोदाम साइडिंग से चोरी हुई 60 बोरी प्रिज्म सीमेंट के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी सफलता हासिल की है। आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए चोरी की पूरी खेप बरामद कर ली है तथा घटना में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी में प्रयुक्त ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 08/09 मई 2026 की रात करीब 12 बजे से सुबह 4 बजे के बीच सीवान मालगोदाम साइडिंग से कुल 60 बोरी प्रिज्म सीमेंट चोरी कर ली गई थी। इस मामले में 12 मई को रियान वेंचर्स प्रा. लि. सीवान के प्रतिनिधि नवल किशोर शर्मा ने रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, सीवान में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

बताया गया कि प्रिज्म कंपनी का सीमेंट रैक आरआर नंबर 242004381 एवं 242004382 के माध्यम से मालगोदाम लाइन संख्या-03 पर पहुंचा था। कर्मचारियों द्वारा सभी वैगनों की सील जांचने के बाद सीमेंट की अनलोडिंग कर साइडिंग पर डंप किया गया था। बाद में ट्रकों से कंपनी गोदाम भेजने के दौरान मिलान में 60 बोरी सीमेंट कम पाई गई। चोरी गए सीमेंट की कीमत करीब 20 हजार 400 रुपये आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना पर हुई छापेमारी

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की जांच उप निरीक्षक जयेंद्र कुमार मिश्र द्वारा की जा रही थी। इसी क्रम में गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर आरपीएफ ने सीवान मालगोदाम के पूर्वी छोर के उत्तर मेन रोड के पास छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान चोरी की 60 बोरी प्रिज्म सीमेंट लदे ट्रैक्टर संख्या बीआर-29-जीबी-1549 को जब्त कर लिया गया। मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सोनू कुमार, निवासी मालचक थाना बेलछी जिला पटना तथा संजय गोंड, निवासी सिसवन ढाला टावर के पास वार्ड-39 थाना नगर, जिला सीवान के रूप में हुई है।

चोरी गिरोहों पर आरपीएफ की नजर

आरपीएफ ने दोनों आरोपितों के खिलाफ रेलवे संपत्ति अधिनियम की धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के खुलासे के बाद मालगोदाम क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोहों की गतिविधियों की भी गहन जांच की जा रही है।

ALSO READ: श्रीश्री रविशंकर ने पूरी दुनिया को वसुधैव कुटुंबकम का वास्तविक अर्थ समझाया : विस अध्यक्ष

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: karunatiwari

करुणा तिवारी बिहार के आरा, वीर कुंवर सिंह की धरती से आती हैं। उन्होंने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की। 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है। अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं, ताकि सशक्त और प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से समाज तक सच्चाई पहुंचा सकें।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >