Siwan News : (शिवनाथ पांडेय नौतन) सीवान जिला के नौतन थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा अड्डों पर महिला पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 नाबालिग डांसर को बरामद किया है. छापेमारी के बाद सभी लड़कियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए सीवान ले जाया गया. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
Bihar Crime News: बांका मोड़ और गंगा मोड़ पर हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार, सिवान महिला थाना की टीम ने महिला थाना प्रभारी, एनजीओ प्रतिनिधियों और मानवाधिकार विभाग के अधिकारियों के नेतृत्व में नौतन थाना क्षेत्र के बांका मोड़ और गंगा मोड़ स्थित कई आर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान करीब 20 नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया. इसके बाद सभी को संरक्षण और पूछताछ के लिए सीवान ले जाया गया.
कई आर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकाने जांच के दायरे में
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कई आर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों की जांच की गई. अधिकारियों ने संबंधित दस्तावेजों और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ भी की. मामले में आगे की जांच जारी है.
Human Trafficking Investigation: थाना प्रभारी ने कार्रवाई की पुष्टि की
नौतन थाना प्रभारी जीत मोहन कुमार ने बताया कि सिवान महिला थाना की टीम द्वारा विशेष अभियान चलाकर छापेमारी की गई है. बरामद नाबालिग लड़कियों को महिला पुलिस अपने साथ सीवान ले गई है. मामले की विस्तृत जानकारी महिला थाना स्तर से जारी की जाएगी.
Women Police Raid: स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की सराहना
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है. उनका कहना है कि नौतन बाजार के आसपास सोना चौक, भुलौनी मोड़, गंगा मोड़, बांका मोड़ और अन्य चौराहों पर लंबे समय से आर्केस्ट्रा संचालन की आड़ में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं.
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की इस कार्रवाई से ऐसे अवैध कार्यों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और क्षेत्र में बेहतर माहौल बनेगा.
Orchestra Raid Siwan: जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस अब बरामद लड़कियों की उम्र, पहचान और उन्हें यहां लाने की परिस्थितियों की जांच कर रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संचालकों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
Also Read : वैशाली में गंडक नदी में नहाने के दौरान 2 युवक डूबे, SDRF की टीम चला रही सर्च ऑपरेशन
