सिवान में फिर बढ़ा अतिक्रमण, सड़क और फुटपाथ पर सजी दुकानें, जाम से लोग परेशान

सिवान नगर पंचायत क्षेत्र में अतिक्रमण एक बार फिर बढ़ गया है। मुख्य बाजारों में दुकानें सड़क और फुटपाथ पर फैल गई हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। पार्किंग की कमी भी जाम का एक प्रमुख कारण बन रही है।

Siwan News: नगर पंचायत क्षेत्र में एक बार फिर अतिक्रमणकारियों ने पैर जमाने शुरू कर दिए हैं. बीच सड़क से लेकर फुटपाथ और डिवाइडर तक अतिक्रमण फैल गया है. शहीद स्मारक चौक, नया बाजार, काजी बाजार, राजेंद्र चौक और रेलवे ढाला रोड सहित कई प्रमुख स्थानों पर सड़क किनारे और फुटपाथ पर दुकानें सजने लगी हैं. इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

नगर पंचायत की ओर से मई 2026 में लगभग तीन बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था, लेकिन शहर अब तक पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त नहीं हो सका है. स्थिति यह है कि अभियान के दौरान सड़कें खाली रहती हैं, लेकिन अधिकारियों के लौटते ही फिर से अतिक्रमण शुरू हो जाता है.

मुख्य बाजारों में बढ़ी जाम की समस्या

मंगलवार को भी शहर के अधिकांश प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण की स्थिति साफ दिखाई दी. शहीद स्मारक चौक, नया बाजार, काजी बाजार और राजेंद्र चौक तक सड़क किनारे अवैध कब्जा बना रहा. कई दुकानदार फुटपाथ और सड़क तक अपना सामान फैलाकर दुकानें संचालित कर रहे हैं, जिससे लोगों को सड़क पर ही खरीदारी करनी पड़ती है और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.

अभियान के बावजूद नहीं सुधर रही स्थिति

नगर पंचायत ने कई बार दुकानदारों को दुकान के भीतर ही सामान रखने का निर्देश दिया, लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा है. पुरानी बाजार, काजी बाजार, बांटा मोड़ और नाखास चौक में भी दुकानदार सड़क तक सामान सजाकर व्यवसाय कर रहे हैं.

पिछले तीन दिनों के अभियान में करीब एक दर्जन दुकानों से अतिक्रमण हटाया गया था. इस दौरान दुकानदारों और मकान मालिकों से जुर्माना भी वसूला गया, लेकिन इसका कोई खास असर नहीं दिख रहा है. पुलिस और नगर पंचायत की टीम के हटते ही फिर से अतिक्रमण शुरू हो जाता है.

पार्किंग व्यवस्था का अभाव भी बन रहा जाम का कारण

शहर में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण भी जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है. नगर पंचायत का कहना है कि कई लोग सड़क पर ही वाहन खड़े कर चले जाते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है. स्थानीय लोगों का भी कहना है कि यदि व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था हो जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है.

एसडीओ ने सख्त कार्रवाई के दिए संकेत

महाराजगंज की एसडीओ अनीता सिन्हा ने कहा कि नए सिरे से अतिक्रमण हटाओ अभियान का रोस्टर तैयार किया जा रहा है. इस बार नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही फुटपाथ दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर भी जल्द निर्णय लिया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: बिना पटना जंक्शन गए पहुंचेंगे बिहारशरीफ, नेउरा-दनियावां नई रेल लाइन का काम पूरा



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Afjal anwar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >