Siwan News: जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कोइरीगांवा पंचायत की मुखिया राजकली देवी से मंगलवार की सुबह दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपट ली. पीड़िता स्थानीय सांसद प्रतिनिधि बाल्मीकि कुमार अश्विनी की मां हैं. वारदात बड़हरिया-सीवान मुख्य मार्ग पर उनके नए आवास के पास सुबह करीब 9:55 बजे उस वक्त हुई, जब वे सड़क पार कर अपने पुराने घर जा रही थीं. इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और गले पर झपट्टा मारकर 22 ग्राम वजनी चेन छीनकर फरार हो गए.
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों में झपटमारी की यह पूरी सनसनीखेज वारदात कैद हो गई है. फुटेज में दोनों बदमाशों के चेहरे स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान की प्रक्रिया तेज कर दी है. घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने बड़हरिया थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई. सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर गुड्डू कुमार और एएसआई सोनू रफी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का मुआयना किया और तकनीकी साक्ष्य जुटाने शुरू किए.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मुखिया जैसी प्रभावशाली जनप्रतिनिधि के साथ मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस छिनतई की घटना से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्ततम मुख्य मार्ग पर बेखौफ अपराधियों द्वारा ऐसी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और चिन्हित बदमाशों की अविलंब गिरफ्तारी की पुरजोर मांग की है.
बदमाशों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
घटना की जांच को लेकर बड़हरिया थाना पुलिस ने स्पष्ट किया, "मुखिया के साथ चेन छिनतई का मामला दर्ज कर लिया गया है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं. तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से बदमाशों के भागने की दिशा में लगातार छापेमारी की जा रही है, जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा."
