सीवान में मेहरबान हुआ मानसून, झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, किसानों को बड़ी राहत

Siwan Weather News: सीवान जिले में सोमवार देर रात हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया. गुठनी समेत कई प्रखंडों में लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, जबकि किसानों को धान की खेती और खरीफ फसलों के लिए बड़ा लाभ मिला.

Siwan Weather News: सीवान जिले में सोमवार देर रात से शुरू हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया. गुठनी प्रखंड समेत जिले के कई हिस्सों में हुई अच्छी बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली. कई दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी के कारण कूलर, पंखे और एसी भी बेअसर साबित हो रहे थे. हालांकि, बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली.

गुठनी समेत कई इलाकों में खेतों में लौटी नमी

जिले के गुठनी प्रखंड सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में हुई बारिश का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिला. कई दिनों से वर्षा नहीं होने के कारण खेतों में दरारें पड़ने लगी थीं और धान के बिचड़े सूखने की कगार पर पहुंच गए थे. सोमवार देर रात तेज आंधी के बाद शुरू हुई झमाझम बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी लौट आई, जिससे धान की फसल और बिचड़ों को नया जीवन मिला. किसानों को अब पटवन (सिंचाई) की चिंता से भी राहत मिली है.

बारिश से बदला मौसम, लोगों ने ली राहत की सांस

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं. देर रात बादलों की गर्जना और तेज आंधी के साथ शुरू हुई बारिश ने पूरे जिले का मौसम बदल दिया. तापमान में गिरावट आने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली.

धान की खेती के लिए बारिश को बताया वरदान

किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश खरीफ सीजन और विशेष रूप से धान की खेती के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी. बारिश से खेतों में नमी बढ़ गई है, जिससे फसलों को पर्याप्त लाभ मिलेगा और कई तरह के रोगों का खतरा भी कम होगा.

बिना सिंचाई के शुरू होगी खरीफ फसलों की बुआई

किसान बैकुंठ दुबे, विंध्याचल सिंह, निरंकू सिंह, रंटु सिंह, पवन दुबे और राजेश सहानी समेत अन्य किसानों ने बताया कि इस समय ऐसी बारिश की बेहद जरूरत थी. जिन खेतों में सिंचाई कर खरीफ फसलों की बुआई की तैयारी चल रही थी, वहां अब बिना अतिरिक्त सिंचाई के ही बुआई शुरू की जा सकेगी. इससे किसानों का खर्च भी कम होगा.

खेती के लिए राहत, किसानों में खुशी

किसानों ने कहा कि बारिश से धान के बिचड़ों को नया जीवन मिला है और सिंचाई पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी बचेगा. उनका मानना है कि यदि आगे भी समय-समय पर बारिश होती रही तो इस बार जिले में धान की अच्छी पैदावार होने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें: बिहार के इस जिले में 130 करोड़ की लागत से बनेगा नया बाइपास, यूपी और सबेया एयरपोर्ट जाना होगा आसान



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandra Prakash

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >