सीवान में जनगणना हस्त पुस्तिका निर्माण की समीक्षा, 28 चार्ज पदाधिकारियों को जिम्मेदारी

जिला परिषद सभागार में जिला जनगणना हस्त पुस्तिका निर्माण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. 28 चार्ज पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी, 9 फरवरी 2027 से शुरू होगी जनसंख्या गणना. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से जुटाए जा रहे हैं महत्वपूर्ण आंकड़े.

Census Handbook: जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के निर्माण को लेकर गुरुवार को जिला परिषद सभागार में चार्ज पदाधिकारियों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी. बैठक का आयोजन प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी सह जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा के निर्देश पर जिला जनगणना पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता की ओर से किया गया.

बैठक में बताया गया कि जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के प्रथम भाग के रूप में ग्राम निर्देशिका एवं नगर निर्देशिका तैयार करने का कार्य एक अगस्त से 30 अगस्त तक किया जा रहा है. इसके बाद नौ फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या गणना (पीई) करायी जायेगी, जो हस्त पुस्तिका का दूसरा भाग होगा. भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य दो मई से 31 मई तक कराया जा चुका है.

ग्राम और नगर निर्देशिका में जुटाये जा रहे आंकड़े

बैठक में बताया गया कि ग्राम निर्देशिका के नौ अनुभागों में 400 तथा नगर निर्देशिका के नौ अनुभागों में 420 प्रकार के आंकड़े दर्ज किये जा रहे हैं. इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं स्वच्छता, संचार, परिवहन, बैंकिंग, ऋण, विद्युत एवं ईंधन, भूमि उपयोग एवं सिंचाई, कृषि उत्पाद, विनिर्माण और हस्तशिल्प सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित आंकड़े शामिल हैं.

अधिकारियों ने बताया कि इन आंकड़ों का उपयोग भविष्य में सरकारी योजनाओं के निर्माण और नीति निर्धारण में किया जायेगा. इसलिए आंकड़ों के संकलन में शुद्धता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया.

28 चार्ज पदाधिकारियों के माध्यम से हो रहा काम

जिले में जनगणना हस्त पुस्तिका के निर्माण का कार्य 28 चार्ज पदाधिकारियों के माध्यम से कराया जा रहा है. इनमें 19 ग्रामीण और नौ शहरी चार्ज शामिल हैं. इनके अधीन कार्यरत 438 क्षेत्र पदाधिकारी जिले के 1494 राजस्व ग्रामों का डाटा संकलित कर रहे हैं.

ग्रामीण क्षेत्रों में प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा शहरी क्षेत्रों में अधिसूचित पदाधिकारी चार्ज पदाधिकारी के रूप में कार्य कर रहे हैं. बैठक में अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने और आंकड़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिये गये.

29 अगस्त को होगी अगली समीक्षा बैठक

बैठक में अपर जनगणना पदाधिकारी, जनगणना निदेशालय के नोडल एवं सहयोगी पदाधिकारी तथा विभिन्न प्रखंडों और नगर पंचायतों के चार्ज एवं क्षेत्र पदाधिकारी उपस्थित रहे. शेष प्रखंडों और नगर पंचायतों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक 29 अगस्त को आयोजित की जायेगी.

इसे भी पढ़ें: "हिरासत" के दावों पर मचा बवाल! जानिए पटना BPSC प्रदर्शन में छाए 6 साल के आदित्य की पूरी कहानी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >