Bihar Police: बिहार के सीवान जिले में एक वृद्ध महिला की मौत की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आंदर थाना के हसनपुरवा गांव में रविवार को जांच के दौरान हालात अचानक बिगड़ गए और पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई. इस हंगामे में थानेदार सहित छह पुलिसकर्मी घायल हो गए. घायलों में दो पुलिस अधिकारी और चार सिपाही शामिल हैं. नाराज लोगों ने पुलिस वाहन को भी तोड़ दिया.
बेटे और बहू को हिरासत में लेने पर भड़के ग्रामीण
जानकारी के मुताबिक गांव की एक बुजुर्ग महिला की मौत के मामले में पुलिस जांच के लिए पहुंची थी. पूछताछ के दौरान पुलिस महिला के बेटे और पुत्रवधू को हिरासत में लेकर थाने ले जाने लगी. इसी बात पर गांव के लोग उग्र हो गए. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और दोनों को पुलिस कब्जे से छुड़ाने की कोशिश करने लगे.
स्थिति जल्द ही तनावपूर्ण हो गई. ग्रामीणों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई. इस दौरान लोगों ने पुलिस की गाड़ी पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया. पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और कई जवान घायल हो गए. गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई.
कई थानों की पुलिस पहुंची, हालात पर पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, मैरवा एसडीपीओ गौरी कुमारी और अन्य कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. अतिरिक्त पुलिस बल ने हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़कर हालात नियंत्रित किए. इसके बाद हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों को सुरक्षित थाने लाया गया, जहां महिला की मौत के मामले में उनसे पूछताछ जारी है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीवान एसपी पूरण कुमार झा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने गांव का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूरी जानकारी ली. एसपी ने बताया कि पुलिस पर हमले के मामले में बल्लू यादव नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. बाकी लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी
एसपी ने कहा कि जांच के दौरान पुलिस टीम पर हमला या दुर्व्यवहार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी. पुलिस फिलहाल महिला की मौत और हमले दोनों मामलों की जांच कर रही है.
राज्य में पुलिस टीम पर हमले की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं. कई बार शराबबंदी जांच, छापेमारी या अन्य मामलों में पुलिस पर हमला हो चुका है.
इसे भी पढ़ें: बिहार TRE-4 पर शिक्षा मंत्री ने दिया अपडेट, बोले- तैयारी करो, जल्द आएगा शिक्षक भर्ती विज्ञापन
